बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले तेज प्रताप यादव अक्सर अपने बयानों और अनोखे अंदाज को लेकर चर्चा में रहते हैं, लेकिन राजनीति से इतर उनकी जिंदगी के कुछ ऐसे पहलू भी हैं, जिन्हें जानने में लोगों की दिलचस्पी रहती है। इन दिनों तेज प्रताप यादव रियालिटी शो पर्सनेलिटी बन गए हैं। हाल ही में 'भोजपुरी बवाल' और 'राइज एंड फॉल सीजन 2' में नजर आए। दोनों ही शो में तेज प्रताप यादव का जलवा रहा। दो दिनों पहले ही तेज प्रताप यादव 'राइज एंड फॉल' से बाहर हो गए हैं। शो छोड़ने की वजह तेजू भैया का लीगल काम बताया गया है। तेज प्रताप की चर्चाओं के बीच हम आपको उनका हाउस टूर कराते है, जिसे किसी और ने नहीं बल्कि खुद उन्होंने अपने एलआर व्लॉग में दिखाया है।
तेज प्रताप ने दिखाया था घर का कोना-कोना
तेज प्रताप अपने यूट्यूब चैनल एलआर व्लॉग के जरिए दर्शकों को अपनी दिनचर्या और निजी जीवन की झलक दिखाते रहे हैं। उनके एक पुराने वीडियो में लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के परिवार के आवासीय परिसर का हाउस टूर देखने को मिला था। इस वीडियो में आलीशान बंगले के साथ-साथ मंदिर, गौशाला, गायों के लिए भूसा रखने की जगह और तालाब जैसी चीजें दिखाई गई थीं। इस हाउस टूर की खास बात यह है कि यहां पारंपरिक जीवनशैली और धार्मिक आस्था की झलक एक साथ देखने को मिलती है।
LR Vlog में तेज प्रताप ने दिखाई घर की झलक
तेज प्रताप यादव ने दिसंबर 2021 में अपने एलआर व्लॉग चैनल पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वह आवासीय परिसर में घूमते हुए वहां मौजूद अलग-अलग जगहों को दिखाते नजर आए। वीडियो में वह कैमरे के सामने परिसर का मुआयना करते हैं और दर्शकों को घर के आसपास के हिस्सों से परिचित कराते हैं। यह केवल कमरों या सजावट का हाउस टूर नहीं था, बल्कि इसमें लालू परिवार की दिनचर्या और पारंपरिक जीवन से जुड़ी कई चीजें भी शामिल थीं। इस वीडियो के जरिए दर्शकों को ऐसे परिसर की झलक मिली, जहां रहने की व्यवस्था के साथ धार्मिक गतिविधियों और पशुओं की देखभाल के लिए भी जगह बनाई गई थी। तेज प्रताप का यह अंदाज उनके राजनीतिक व्यक्तित्व से अलग उनकी निजी रुचियों को सामने लाया।
घर में मंदिर, जहां पूजा-पाठ करते हैं तेज प्रताप
वीडियो में सबसे खास आकर्षण परिसर में मौजूद मंदिर हैं। आवासीय परिसर में दो मंदिर हैं, जहां परिवार के लोग पूजा-पाठ करते हैं। तेज प्रताप ने इनमें भगवान शिव के मंदिर की भी झलक दिखाई थी। धार्मिक गतिविधियों में उनकी रुचि पहले भी चर्चा में रही है और इस वीडियो में भी उसका अंदाजा मिलता है। तेज प्रताप के हाउस टूर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा गौशाला है। वीडियो में परिसर के भीतर दर्जनों गायें दिखाई गई थीं। वहां कई बकरियां भी देकने को मिलीं। इसके साथ ही उन्होंने गायों के चारे के लिए रखे गए भूसे की जगह भी दिखाई। यह हिस्सा खास इसलिए रहा, क्योंकि यहां आवासीय परिसर के साथ पशुओं की देखभाल के लिए की गई व्यवस्था भी नजर आती है। इस हाउस टूर में मंदिर और गौशाला के अलावा परिसर में मौजूद तालाब का भी उल्लेख सामने आया था।
राजनीति से अलग तेज प्रताप का व्लॉगर अंदाज
तेज प्रताप यादव सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहे हैं। LR Vlog के जरिए वह यात्रा, निजी दिनचर्या और आसपास की गतिविधियों से जुड़े वीडियो साझा करते रहे हैं। उनके चैनल पर घर के परिसर की झलक के अलावा यात्रा से जुड़े वीडियो भी मौजूद हैं। जनवरी 2024 में उनकी राजगीर यात्रा का वीडियो भी चर्चा में आया था, जिसमें उन्होंने शहर के कुछ प्रमुख स्थलों को दिखाया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि तेज प्रताप यादव किस टीवी शो का हिस्सा बनते हैं।
क्यों टूटी तेज प्रताप यादव की शादी?
हाल ही में तेज प्रताप यादव ने अपने तलाक की दास्तां भी 'राइज एंड फॉल'में सुनाई थी, जिसमें उन्होंने जिक्र किया था कि उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय शादी के बाद अपने बॉयफ्रेंड से प्यार भरी चैट करती थीं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि वो उन्हें पूजा करने से रोकती थीं, रात-रात भर पार्टी करने की शौकीन थीं। उन्होंने बताया कि दोनों बिल्कुल अलग थे, ताल मेल नहीं बैठा, अरेंज मैरिज हुई थी और अब मामला तलाक तक पहुंच गया है।
ये भी पढ़ें: 'ब्रेक ए लेग को सीरियसली ले लिया', सिद्धार्थ मल्होत्रा के पैर में फ्रैक्चर, प्लास्टर में लिपटी टांग दिखाकर बताया हाल