1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. 16 साल की लड़की से छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोप में रोबोट पर एक्शन, एक महिला को दिया धक्का भी

16 साल की लड़की से छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोप में रोबोट पर एक्शन, एक महिला को दिया धक्का भी

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Oct 14, 2026 08:31 am IST,  Updated : Oct 14, 2026 08:38 am IST

लड़की ने रोबोट पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इसी रोबोट ने एक महिला को धक्का भी दिया है। रोबोट की शिकायत मिलने पर पुलिस ने उस पर एक्शन लिया है। रोबोट को जब्त कर लिया गया है।

रोबोट पर एक्शन- India TV Hindi
रोबोट पर एक्शन Image Source : X@IYASHKUMAWAT

जर्मनी के कोलोन शहर में 16 वर्षीय लड़की के साथ छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने रोबोट पर एक्शन लेते हुए उसे जब्त कर लिया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि रोबोट को नियंत्रित करने वाले दो युवक भी इस घटना में शामिल थे या नहीं। दोनों युवकों पर फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाया गया है, लेकिन उन्हें संदिग्ध माना जा रहा है।

रोबोट ने लड़की के प्राइवेट पार्ट को छुआ

पुलिस के मुताबिक, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात हुई इस घटना में दो युवकों द्वारा नियंत्रित रोबोट ने 16 वर्षीय लड़की के प्राइवेट पार्ट को छुआ और यौन उत्पीड़न जैसी हरकतें कीं। आरोप है कि युवकों ने इस घटना का वीडियो बनाया, इसे लाइव स्ट्रीम किया और ऑनलाइन इस पर टिप्पणियां भी कीं।

कहीं पहले से तो नहीं फिट की गई थी प्रोग्रामिंग?

कोलोन पुलिस के प्रवक्ता क्रिस्टोफ बर्मेल ने बताया कि जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि रोबोट की गतिविधियां पहले से प्रोग्राम की गई थीं या उसे वास्तविक समय में रिमोट के जरिए नियंत्रित किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि पुलिस के लिए इस तरह की घटना नया अनुभव है।

रोबोट के साथ दो युवकों के मोबाइल भी जब्त

पुलिस ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि फास्ट-फूड रेस्टोरेंट के पास घटना की सूचना मिलने पर आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची। वहां एक वाहन की डिक्की में रोबोट मिला। पुलिस ने रोबोट के साथ दोनों युवकों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं।

रोबोट की लंबाई लगभग 3 फीट 11 इंच

बताया जा रहा है कि रोबोट का मालिक 16 साल का है, जबकि उसका साथी 19 वर्षीय युवक है। रोबोट की लंबाई करीब 120 सेंटीमीटर (लगभग 3 फीट 11 इंच)  है। सोशल मीडिया पर जर्मनी की पुलिस ने रोबोट की तस्वीर भी साझा की है। तस्वीर में रोबोट लाल और सुनहरे रंग का दिखाई दे रहा है। उसने सफेद टैंक टॉप, काले ट्रैक पैंट, गले में सोने की चेन और धूप का चश्मा पहन रखा है।

महिला को धक्का देते हुए देखा गया रोबोट

इंटरनेट पर वायरल वीडियो में रोबोट को महिलाओं के एक समूह की ओर जाते, एक महिला को धक्का देते और अन्य महिलाओं को गले लगाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में एक युवक रोबोट को पीछे खींचता और उस पर चिल्लाता हुआ भी दिखाई देता है, जबकि आसपास मौजूद लोग हंसते नजर आते हैं।

पुलिस ने सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर अनुचित टिप्पणियों की आलोचना की है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि ऐसी घटनाओं का मजाक उड़ाना या उनसे जुड़े वीडियो साझा करना पीड़ितों पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। मामले की जांच जारी है। (एपी के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

सऊदी अरब में तेल कंपनी अरामको की बिल्डिंग पर मिसाइल से हमला, रातभर हूतियों संग चली जंग, पेट्रोल पंप पर लगी लाइनें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।