1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. VIDEO: अक्टूबर में ही बर्फ से ढकी कश्मीर की पहाड़ियां, सीजन की पहली बर्फबारी से गिरा तापमान, बारिश का भी अलर्ट

VIDEO: अक्टूबर में ही बर्फ से ढकी कश्मीर की पहाड़ियां, सीजन की पहली बर्फबारी से गिरा तापमान, बारिश का भी अलर्ट

कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी हो रही है। अक्टूबर के महीने में ही यहां ठंड का मौसम हो गया है। मौसम विभाग ने कश्मीर के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

कश्मीर में बर्फबारी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कश्मीर में बर्फबारी

कश्मीर में सर्दियों की शुरुआत अभी से हो गई है। मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के कारण कश्मीर में तापमान काफी गिर गया है। अक्टूबर की शुरुआत में मौसम अपेक्षाकृत गर्म था, लेकिन अब कश्मीर, चेनाब घाटी और पीर पंजाल इलाके में दिन का तापमान गिर रहा है। अक्टूबर के महीने में कश्मीर के कई इलाकों में पहाड़ बर्फ की सफेद चादर में सिमटे हुए हैं।

इन इलाकों में मौसम की पहली बर्फबारी

स्थानीय प्रशासन ने बताया कि कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। गुलमर्ग में अफारवत, बांदीपोरा जिले की गुरेज घाटी में राजदान दर्रा और तुलेल, कुपवाड़ा में साधना टॉप और सोनमर्ग के पास मीनामार्ग, ज़ीरो पॉइंट और ज़ोजिला दर्रे पर हल्की बर्फबारी हुई। दक्षिण कश्मीर में सिंथन टॉप, मार्गन टॉप और पीर की गली के साथ-साथ पंजाल रेंज में भी बर्फबारी हुई है। 

लोगों ने निकाले ऊनी कपड़े

खराब मौसम और बढ़ती ठंड के कारण लोगों ने ऊनी कपड़े निकालना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि बारिश के इस दौर में खेती-बाड़ी के काम, खासकर धान की कटाई करते समय सावधानी बरतें।

बारिश का भी अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण घाटी के ऊंचाई वाले कई इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने 13 से 15 अक्टूबर तक पूरे कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। साथ ही 14 और 15 अक्टूबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।

ऊंचाई वाले इलाकों में होगी हल्की बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर समेत मैदानी इलाकों में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने कहा कि कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने ये भी बताया कि 16 अक्टूबर को मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर थोड़े समय के लिए हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 24 अक्टूबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने का अनुमान है। (भाषा के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

जम्मू कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, LoC के पास धमाके में 4 आतंकियों के मारे जाने की खबर, शव ले गए पाकिस्तानी फौजी