1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. वह झुकने वालीं नहीं... महबूबा मुफ्ती ने CM ममता बनर्जी को बताया ‘शेरनी’

वह झुकने वालीं नहीं... महबूबा मुफ्ती ने CM ममता बनर्जी को बताया ‘शेरनी’

ED ने गुरुवार को कोयला घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला के केस में I-PAC के दफ्तर और उसके डायरेक्टर प्रतीक जैन के घर पर छापे मारे। लेकिन जैसे ही ये खबर फैली तो ममता बनर्जी प्रतीक जैन के घर पहुंच गईं। ममता ED की टीम से जब्त किए गए कागजात, फोन और हार्ड डिस्क छीन कर अपने साथ ले गईं।

mamata banerjee mehbooba mufti- India TV Hindi
Image Source : PTI (FILE PHOTO) ममता बनर्जी और महबूबा मुफ्ती।

गुरुवार को पश्चिम बंगाल में जो हुआ, उसके बाद पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को ‘‘शेरनी’’ बताते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ‘‘बहुत बहादुर’’ हैं और वह झुकेंगी नहीं। मुफ्ती गुरुवार को कोलकाता में I-PAC के दफ्तर और उसके डायरेक्टर प्रतीक जैन के आवास पर ED द्वारा की गई छापेमारी पर प्रतिक्रिया दे रही थीं।

इस कार्रवाई से उस वक्त काफी हंगामा मच गया, जब एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट के छापे को रोकने लिए खुद मुख्यमंत्री पहुंच गईं। ममता बनर्जी ED की टीम से जब्त किए गए कागजात, फोन और हार्ड डिस्क छीन कर अपने साथ ले गईं।

'अब छापेमारी का स्वाद चख रहा पूरा देश'

महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में ED या अन्य जांच एजेंसियों द्वारा इस तरह की छापेमारी एक सामान्य बात हो गई है, लेकिन ‘‘पूरा देश अब इसका स्वाद चख रहा है’’। उन्होंने आर्टिकल 370 के अधिकतर प्रावधानों को निरस्त किए जाने के बाद खुद की, फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला की गिरफ्तारी के संदर्भ में कहा, ‘‘जब आर्टिकल 370 को निरस्त किया गया, तब छापे मारे गए थे और 3 मुख्यमंत्रियों को जेल में डाला गया था, उस वक्त अधिकांश राजनीतिक दलों ने चुप्पी साधे रखी। अब यही स्थिति पूरे देश में देखने को मिल रही है।’’

'ममता बहुत बहादुर हैं, वह मुकाबला करेंगी'

महबूबा ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि ममता बनर्जी बहुत बहादुर हैं, वह एक शेरनी हैं और वह प्रभावी ढंग से उनका मुकाबला करेंगी और सरेंडर नहीं करेंगी।’’

पुलिस अफसरों की फौज के साथ I-PAC के दफ्तर में घुसीं ममता

बता दें कि ED ने गुरुवार को कोयला घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला के केस में I-PAC के दफ्तर और I-PAC के डायरेक्टर प्रतीक जैन के घर पर छापे मारे। लेकिन जैसे ही ये खबर फैली तो ममता बनर्जी पहले प्रतीक जैन के घर पहुंची। फिर पुलिस कमिश्नर, डिप्टी पुलिस कमिश्नर और दूसरे पुलिस अफसरों की भारी फौज के साथ मुख्यमंत्री I-PAC के दफ्तर में घुसीं, वहां से फाइलें बाहर भेजीं और खुद ममता चार घंटे तक वहां बैठी रहीं। ममता ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस की चुनावी रणनीति को चुराने के लिए बीजेपी ने ED को I-PAC के दफ्तर में भेजा, बंगाल में बीजेपी ने एजेंसीज के इस्तेमाल की शुरूआत की है लेकिन अब बीजेपी को भी इसका अंजाम भुगतना होगा।

यह भी पढ़ें-

कोलकाता: I-PAC से जुड़े मामले में अब SC जा सकती है ED, कंपनी ने जारी किया अपना बयान, जानें क्या कहा

महाराष्ट्र: “जिनकी लंगोटी फटी होती है, वही दूसरों की पगड़ी उछालते हैं”, शिंदे ने किसे कह दी ऐसी बात