1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. राजौरी में दो संदिग्ध आतंकी देखे जाने के बाद कई गांवों में तलाशी अभियान, सामने आया CCTV वीडियो

राजौरी में दो संदिग्ध आतंकी देखे जाने के बाद कई गांवों में तलाशी अभियान, सामने आया CCTV वीडियो

जम्मू-कश्मीर के राजौरी ज़िले में सुरक्षा बलों ने एक बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, रविवार देर रात संदिग्धों को CCTV में सड़क पार करते हुए देखा गया था, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG), सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स (CRPF) और सेना ने मिलकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

संदिग्ध आतंकी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER संदिग्ध आतंकी

जम्मू-कश्मीर के राजौरी ज़िले के थानामंडी इलाके में कई गांवों में सुरक्षा बलों ने आज घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई तब शुरू हुई जब CCTV फुटेज में दो संदिग्ध उग्रवादियों की हरकतें दिखाई दीं। रविवार देर रात CCTV में इन संदिग्ध उग्रवादियों को सड़क पार करते हुए देखा गया, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG), सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स (CRPF) और सेना ने मिलकर तलाशी अभियान शुरू किया। 

कई गांवों में सर्च अभियान जारी

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सुरक्षा कर्मियों ने दोनों संदिग्धों का पता लगाने के लिए भंगई, हस्पलोट, करयोट, कोपरा टॉप और आस-पास के जंगली गांवों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया। हालांकि अभी तक आतंकियों का सुराग नहीं लग पाया है। थानामंडी और उसके आसपास के मुख्य रास्तों पर अतिरिक्त चेकपॉइंट बनाए गए हैं। सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स को बंद कर दिया गया है। ऑपरेशन शुरू करने से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने फुटेज की पुष्टि की। अधिकारियों का कहना है कि बारिश के बाद भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। 

यहां देखें वीडियो

 

शोपियां में सुरक्षाबलों ने आतंकी को किया था ढेर

कुछ दिन पहले शोपियां में हुई ऐसी ही घटना को देखते हुए इस अलर्ट को गंभीरता से लिया गया। वहां सर्विलांस कैमरों ने दक्षिण कश्मीर के शोपियां के सैदपोरा में लश्कर कमांडर ज़ाकिर गनई और उसके साथी लतीफ़ भट की गतिविधियों को कैद किया था। इसके बाद घेराबंदी और सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें सुरक्षा बलों ने गनई को मार गिराया, जो पिछले दो सालों से इलाके में सक्रिय था। एक अधिकारी ने कहा कि इस बार भी सुरक्षा बल इलाके के चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रहे हैं। कोई भी जोखिम नहीं लिया जा रहा है। 

पुंछ में कई लोग हिरासत में

वहीं, सुरक्षाबलों के एक अन्य अभियान में पुंछ जिले के सुरनकोट के सांगला और गुंथल गांवों में पुलिस ने पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया है। संदिग्ध गतिविधियों के बारे में खुफिया जानकारी के आधार पर यह अभियान चलाया गया। गांडोह इलाके में चांटी गांव में आतंकवादी तालिब हुसैन मोची के घर की भी तलाशी ली। आंशका है कि तालिब अभी पाकिस्तान और पीओके से अपनी गतिविधियां चला रहा है।  

 

ये भी पढ़ेंः कुपवाड़ा में आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़, 5 एके सीरीज राइफल, 9 मैगजीन और भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद