जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में सेना ने एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। सुरक्षाबलों ने खास खुफिया जानकारी के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया और पांच एके-सीरीज राइफल के सात मैगजीन और भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किया। भारतीय सेना की चिनार कॉर्प्स ने इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी।
इंडियन आर्मी की चिनार कॉर्प्स ने एक्स पर लिखा, "6 जुलाई को खास इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर इंडियन आर्मी ने केरन सेक्टर, कुपवाड़ा के जनरल एरिया में एक सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सर्च के दौरान सिक्योरिटी फोर्स ने एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया और पांच एके सीरीज राइफल्स, नौ एके मैगजीन, एक हैंड ग्रेनेड, भारी मात्रा में गोला-बारूद और दूसरे जंग में इस्तेमाल होने वाले सामान बरामद किए।"
कुपवाड़ा में पकड़ा गया था पीओके का लड़का
पिछले महीने जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में स्थानीय लोगों ने पीओके के एक नागरिक को पकड़ा था और उसे सेना के हवाले कर दिया था। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर का 19 साल का लड़का सीमा पार करके भारत आ गया था। इस युवक को 12 जून को कुपवाड़ा जिले के करनाह क्षेत्र में ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। इसके बाद उसे अधिकारियों के हवाले कर दिया था। अधिकारियों के अनुसार, मुजफ्फराबाद के रहने वाले अशरफ खान को नियंत्रण रेखा पार करने के बाद कुपवाड़ा जिले के करनाह क्षेत्र के मारी इलाके में ग्रामीणों ने पकड़ा था। ग्रामीणों ने युवक को अधिकारियों को सौंप दिया। इसके बाद अधिकारियों ने उसके साथ पूछताछ की।
तीन महीने पहले हुई थी गोलीबारी
28 मार्च की रात कुपवाड़ा में अचानत गोलीबारी शुरू हो गई थी, जिसमें तीन सैनिक घायल हो गए थे। एक सैन्य अधिकारी के अनुसार घटना रात के समय त्रेहगाम इलाके के एक सैन्य शिविर में हुई थी, जहां एक सैनिक के सर्विस हथियार से अचानक गोली चलने से उसके तीन साथी घायल हो गए थे। अधिकारी ने बताया था कि इस घटना में तीन सैनिक घायल हुए और स्थानीय सैन्य अस्पताल में उनका इलाज कराया गया। पहले, अधिकारियों ने कहा था कि गोलीबारी आपसी संशय का मामला हो सकता है। हालांकि, सेना के अधिकारी ने इन अटकलों को खारिज कर दिया।
यह भी पढ़ें-
जम्मू-कश्मीर के शोपियां में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, इलाके की हुई घेराबंदी