1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. दोस्त आपस में बात करती रहीं और वह बालकनी से कूद गई, 9वीं की लड़की का 53 सेकेंड का वीडियो वायरल

दोस्त आपस में बात करती रहीं और वह बालकनी से कूद गई, 9वीं की लड़की का 53 सेकेंड का वीडियो वायरल

वीडियो में देखा जा सकता है कि लड़की बालकनी से नीचे कूदने से पहले काफी देर तक देखती है। इसके बाद बेंच को दीवार के पास ले जाकर खिड़की पर चढ़ती है और नीचे कूद जाती है। हालांकि, उसकी जान बचा ली गई है।

Shopian- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT शोपियां में बालकनी से कूदी लड़की

जम्मू कश्मीर के शोपियां का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक लड़की बालकनी से छलांग लगाती हुई देखी जा सकती है। 53 सेकंड का एक वीडियो क्लिप वायरल हुआ है, जिसमें एक लड़की शोपियां जिले के स्कूल की दूसरी मंजिल से कूदती हुई दिख रही है। हालांकि, छलांग लगाने वाली लड़की को बचा लिया गया है और वह अस्पताल में भर्ती है।

वीडियो में दिख रही लड़की नौवीं कक्षा की छात्रा है, उसकी उम्र 14 साल है। लड़की की पहचान तोबिया बशीर के तौर पर हुई है। उसके पिता का नाम बशीर अहमद सोफी है और वह शोपियां के बोंगम की रहने वाली है। इस लड़की ने कथित तौर पर शोपियां जिले के जवूरा में रेनबो इंटरनेशनल स्कूल की दूसरी मंजिल से सुसाइड करने की कोशिश में छलांग लगा दी।

लड़की का इलाज जारी

नाबालिग लड़की को तुरंत मेडिकल ट्रीटमेंट के लिए डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल शोपियां ले जाया गया और समय पर मेडिकल मदद मिलने से उसकी जान बच गई। उसे कुछ चोटें आई हैं और उसकी हालत स्थिर है, लेकिन उसका अभी भी इलाज चल रहा है।

आईआईटी दिल्ली में भी छात्र ने की आत्महत्या

आईआईटी-दिल्ली के एमएससी फिजिक्स के 31 वर्षीय छात्र ने 22 अगस्त को संस्थान के कैंपस की एक इमारत से कथित तौर पर कूदकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने परिसर में विरोध-प्रदर्शन किया था। इस वजह से कक्षाएं नहीं लगी थीं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच के मुताबिक, 22 अगस्त को छात्र सुबह करीब आठ बजे मुख्य गेट से आईआईटी-दिल्ली कैंपस में दाखिल हुआ और फिर लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स गया, जहां से वह लिफ्ट से छठी मंज़िल तक पहुंचा और कथित तौर पर नीचे कूद गया। छात्र को तुरंत संस्थान के परिसर स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की जांच जारी

सुबह करीब 8:30 बजे किशनगढ़ थाने को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस की एक टीम परिसर में पहुंची। सबूत जुटाने के लिए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की एक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। मृतक की जेब से मिले मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया है और उसकी जांच की जा रही है। जांच के तहत पुलिस संस्थान से छात्र के काउंसलिंग रिकॉर्ड और अन्य जानकारी हासिल कर रही है।

यह भी पढ़ें-

जम्मू-कश्मीर में एक सितंबर से महंगी हो जाएगी बिजली, जानें कितना बढ़ जाएगा चार्ज

जम्मू-कश्मीर में दर्दनाक हादसा, पुंछ में खाई में गिर गया वाहन, 2 महिलाओं समेत 6 की मौत