1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. 3 महिलाओं के लिए काल बनकर गिरी आकाशीय बिजली, कोई महुआ बीन रही थी तो कोई घर के बाहर बैठी थी

3 महिलाओं के लिए काल बनकर गिरी आकाशीय बिजली, कोई महुआ बीन रही थी तो कोई घर के बाहर बैठी थी

झारखंड के चतरा जिले में बेमौसम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 3 महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना में शमा परवीन महुआ बीनते वक्त इसकी चपेट में आई थीं और दूसरी में दो बहनें घर के बाहर बैठी थीं।

Chatra lightning strike, Jharkhand lightning deaths, unseasonal rain lightning- India TV Hindi
Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL आकाशीय बिजली ने झारखंड में 3 महिलाओं की जान ले ली।

चतरा: झारखंड के चतरा जिले में शुक्रवार को बेमौसम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 2 अलग-अलग घटनाओं में 3 महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, और 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा पत्थलगड़ा प्रखंड में हुआ, जहां तेज बारिश और गरज के साथ बिजली गिरी। पत्थलगड़ा अंचल अधिकारी उदल राम ने बताया कि पहली घटना बंदरचुआ गांव में हुई जहां 35 साल की शमा परवीन महुआ के फूल चुनने गई थीं, और अचानक बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जेहरा में आकाशीय बिजली गिरने से 2 सगी बहनों की मौत

अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में शमा की 12 साल की बेटी और 55 साल की भाभी भी घायल हो गईं। दोनों को हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि दूसरी घटना जेहरा गांव में हुई जहां दो बहनें 22 साल की कल्याणी देवी और 25 साल की पूनम देवी घर के बाहर बैठी थीं। पास के पेड़ पर बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर दोनों बहनों की मौत हो गई, जबकि पूनम देवी के पति संजय भुइयां भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें भी अस्पताल में भर्ती किया गया है।

झारखंड में होती रहती हैं आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं

बता दें कि झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं होती रहती हैं। पिछले साल अक्टूबर में देवघर जिले में मेला मैदान में बिजली गिरने से 55 साल के वकील ठाकुर की मौके पर मौत हो गई थी। देवघर के SDO रवि कुमार ने बताया था कि दोपहर में मेला मैदान में बड़ी संख्या में लोग जमा थे, तभी बिजली गिरी और ठाकुर की मौत हो गई। इसी तरह पिछले साल सितंबर में पूर्वी सिंहभूम जिले के नामसोल गांव में 2 लोगों की मौत हुई थी। पुलिस ने बताया था कि 47 वर्षीय चक्रधर कुंभकार और 39 वर्षीय प्रभाष सिंह खेत में काम करने के बाद दोपहर में एक पेड़ के नीचे खाना खा रहे थे, तभी बारिश होने पर बिजली गिरी और दोनों उसकी चपेट में आ गए।