1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. आम का लालच देकर 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म, ग्रामीणों ने आरोपी को पीटा, पुलिस ने पकड़ा

आम का लालच देकर 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म, ग्रामीणों ने आरोपी को पीटा, पुलिस ने पकड़ा

झारखंड के रांची जिले में 5 साल की एक बच्ची के साथ कथित तौर पर बलात्कार की दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। बताया जाता है कि आरोपी ने बच्ची को आम का लालच देकर फुसलाया था।

Jharkhand Crime News, Jharkhand Minor Raped, Rachi Girl Raped- India TV Hindi
Image Source : PTI REPRESENTATIONAL रांची में शादी समारोह के दौरान रेप की वारदात सामने आई है।

रांची: झारखंड के रांची जिले के चान्हो इलाके में एक शादी समारोह के दौरान 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का दिल दहला देने वाला वाकया सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 25 साल के एक शख्स ने बच्ची को आम का लालच देकर पास के बगीचे में ले जाकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। यह घटना शुक्रवार शाम को हुई, जब चान्हो गांव में एक शादी का जश्न चल रहा था। यह गांव रांची शहर से करीब 50 किलोमीटर दूर है।

घटना के समय शराब के नशे में था आरोपी

चान्हो पुलिस थाने के प्रभारी चंदन कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी शराब के नशे में था। उसने बच्ची को आम देने का बहाना बनाकर उसे बगीचे में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची और आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं। वारदात के बाद गांव वालों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई की। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि बच्ची की मेडिकल जांच शुक्रवार रात को ही कर ली गई। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे शनिवार को रांची की अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पलामू में हुई थी नाबालिग से रेप की कोशिश

बता दें कि कुछ दिन पहले ही झारखंड पुलिस ने पलामू जिले में 14 साल आदिवासी लड़की से बलात्कार के कथित प्रयास के संबंध में 4 लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, 13 मई की शाम को पांकी पुलिस थानांतर्गत यह घटना तब हुई जब लड़की अपनी चाची के घर के बाहर एक सहेली के साथ खेल रही थी। पीड़िता की चाची ने पुलिस को बताया, ‘आरोपी अचानक 2 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए और पीड़िता को जबरन थोड़ी दूर ले गए, जहां उन्होंने उसके साथ रेप की कोशिश की। उसकी सहेली ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने 2 आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि अन्य 2 भाग गए। बाद में बाकी दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।’ (PTI)