1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. तालाब किनारे मिला पति-पत्नी का शव, धारदार हथियार से हत्या की आशंका

तालाब किनारे मिला पति-पत्नी का शव, धारदार हथियार से हत्या की आशंका

पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी में एक तालाब के किनारे दंपत्ति का शव बरामद किया गया है। धारदार हथियार से हत्या की आशंका जताई जताई जा रही है।

तालाब किनारे पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी,- India TV Hindi
Image Source : REPORTER तालाब किनारे पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी,

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के गांडकीदा गांव में शुक्रवार सुबह पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान गांव निवासी 44 वर्षीय डोंका सिंकु और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। दोनों के शव गांव के तालाब से जुड़े नाले में करीब 20 फीट की दूरी पर पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने धारदार हथियार से सिर पर वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार शाम की मानी जा रही है। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए तालाब की ओर पहुंचे तो उन्होंने नाले के पास दोनों शव पड़े देखे। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल गांव के मुंडा कमल किशोर हेम्ब्रम को सूचना दी, जिन्होंने कुमारडुंगी थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू भी घटनास्थल पहुंचे और जांच का जायजा लिया।

फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा हत्या का खुलासा

दोहरे हत्याकांड की इस घटना से पूरे गांडकीदा गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों और घटना की परिस्थितियों का भी खुलासा होने की उम्मीद है।

अस्पताल के कमरे में फिजियोथेरेपिस्ट का शव फंदे से लटका मिला
वहीं, बोकारो जिले के एक सरकारी अस्पताल में कार्यरत फिजियोथेरेपिस्ट का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस के मुताबिक, यह घटना बृहस्पतिवार रात बोकारो सदर अस्पताल में हुई और मृतक की पहचान वीरेंद्र कुमार महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि घटना का पता उस समय चला, जब देर रात तक घर नहीं लौटने पर महतो की पत्नी ने अस्पताल से संपर्क किया। इससे पहले अभी हाल में ही खूंटी जिले में बकरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने 2 युवकों की बेरहमी से पिटाई कर दी।

रिपोर्ट- गंगाधर पांडे

ये भी पढ़ेंः 65 साल के पिता ने गुस्से में अपने 21 साल के बेटे को कुल्हाड़ी से काट डाला, हुई दर्दनाक मौत