A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. VIDEO: बच्चा चोर गैंग के अफवाह में पकड़ी गईं 6 संदिग्ध महिलाएं, पूछने पर कहा- फेसबुक और यूट्यूब देखकर यहां तक पहुंचीं

VIDEO: बच्चा चोर गैंग के अफवाह में पकड़ी गईं 6 संदिग्ध महिलाएं, पूछने पर कहा- फेसबुक और यूट्यूब देखकर यहां तक पहुंचीं

स्थानीय लोग इन 6 संदिग्ध महिलाओं से पूछताछ कर रहे थे, संतोषजनक जवाब न मिलने पर इनके साथ मारपीट भी होने लगी। पुलिस की टीम इन सभी संदिग्ध महिलाओं को थाने ले आई। महिलाएं अपना आधारकार्ड नहीं दिखा पाईं और न ही पति का नाम बताया।

संदिग्ध महिलाएं- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT संदिग्ध महिलाएं

झारखंड के बोकारो जिले में बच्चा चोर गैंग के अफवाह में 6 संदिग्ध महिलाओं को पकड़ा गया है। गांधीनगर थाना क्षेत्र के बेरमो थाना क्षेत्र का मामला है। जहां थाने के नजदीक ही दामोदर नदी में बने चलकरी को जोड़ने वाले पुल के पास स्थानीय लोगों ने बच्चा चोर के अफवाह को लेकर संदिग्ध अवस्था में 6 महिलाओं को पकड़ा रखा था। स्थानीय लोगों ने सभी महिलाओं से पूछताछ शुरू की तो इन लोगों का जवाब संतोषजनक नहीं था। इसके बाद महिलाओं के साथ भीड़ द्वारा मारपीट शुरू कर दी गई, बाद में कुछ  लोगों ने गांधीनगर पुलिस को इसकी सूचना दी।

भीड़ से छुड़ाकर महिलाओं को थाने ले आई पुलिस

गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह, एसआई रवि नारायण झा सशस्त्र बलों के साथ तत्काल बेरमो स्टेशन पहुंचे। पुलिस की टीम सभी महिलाओं को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले आई। थाने में बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार भी पहुंचे और पुलिस की उपस्थिति में उन महिलाओं से पूछताछ की गई। 

महिलाओं ने कहा कि वह जौनपुर की रहने वाली 

महिलाओं से जब पूछताछ किया गया तो उन लोगों का जवाब संतोषजनक व स्पष्ट नहीं था। पुलिस को महिलाओं ने बताया कि वे लोग उत्तर प्रदेश के जौनपुर के रहने वाले हैं। वे लोग दवा लेने के लिए यहां आए थे, जब उनसे पूछा गया कि यहां कौन डॉक्टर है या वैध है, तो महिलाओं ने कहा कि फेसबुक और यूट्यूब में देखे थे। वही देखकर हम लोग यहां आए हैं। 

अपने पति का नाम भी नहीं बता पाईं महिलाएं

जब उनसे आधार कार्ड की मांग की गई तो वह लोग बोले कि मोबाइल से मंगवाएंगे, ये सभी महिलाएं अपने-अपने पति का नाम भी स्पष्ट नहीं बता पा रही थीं। मामला को संदिग्ध देख पुलिस लगातार उन महिलाओं से पूछताछ कर रही है। 

अलग-अलग जवाब दे रही महिलाएं

बीडीओ मुकेश कुमार ने कहा कि मतदान केंद्र के निरीक्षण के दौरान एसडीएम से सूचना मिली कि बेरमो रेलवे स्टेशन के पास कुछ महिलाओं को लोगों ने घेर रखा है। उन्होंने तत्काल गांधीनगर थाना को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल पहल करते हुए सभी महिलाओं को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले आई। ये लोग बता रहे हैं कि इलाज को लेकर बेरमो आए हैं, परंतु किस जगह में किस डॉक्टर के इलाज कराने आई हैं। वह बता नहीं पा रहीं हैं। सभी महिलाएं अलग-अलग तरह की जवाब दे रही हैं। 

जांच पूरी होने के बाद की जाएगी कानूनी कार्रवाई

मुकेश कुमार ने कहा कि यह जांच का विषय है। पुलिस अपना काम कर रही है। भीड़ से इन्हें सुरक्षित बचाकर थाना लाया गया है। इस मामले की जांच हो रही है। ये लोग अपना घर उत्तर प्रदेश के जौनपुर बता रही हैं। यह समझ में नहीं आ रहा है कि यह लोग इतने दूर यहां कैसे पहुंची। इन लोगों का जवाब भी संतोषजनक नहीं है। मामला संदेहास्पद लग रहा है, इसकी जांच की जा रही है। जांच के क्रम में जो बातें सामने आएगी उसके बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मृत्युंजय मिश्रा की रिपोर्ट