A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. दुर्घटना में हुई थी मौत या जानबूझकर की हत्या? आरोपी भाई ने पुलिस को सुनाई पूरी कहानी

दुर्घटना में हुई थी मौत या जानबूझकर की हत्या? आरोपी भाई ने पुलिस को सुनाई पूरी कहानी

झारखंड के चतरा में अनीश कुमार की मौत मामले में पुलिस ने उसके भाई मनीष कुमार को गिरफ्तार किया है। शुरुआत में मामला दुर्घटना माना गया, लेकिन जांच और पूछताछ में हत्या की की बात सामने आई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि झगड़े के दौरान अनीश छत से गिर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई।

Chatra murder case, Jharkhand crime news, brother arrested murder, Anish Kumar death- India TV Hindi
Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

चतरा: झारखंड के चतरा जिले में एक शख्स की मौत से जुड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने एक शख्स की हत्या के आरोप में उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि झगड़े के दौरान 'दुर्घटनावश' उसके भाई की मौत हो गई। चतरा सदर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी संदीप सुमन ने सोमवार को बताया कि अनीश कुमार के परिवार ने 6 मार्च को सदर थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

करीब 2 महीने से अनसुलझा था पूरा मामला

पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया और 7 मार्च को चतरा सदर प्रखंड कार्यालय के पास स्थित बंद पड़े सार्वजनिक शौचालय के निकट अनीश कुमार का शव मिला। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और 9 मार्च को हत्या का मामला दर्ज करा दिया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि जांच के दौरान CCTV फुटेज, डिजिटल साक्ष्य और फॉरेंसिक सबूत जुटाए गए। अनीश के दोस्तों, सहकर्मियों और परिवार के सदस्यों समेत कई लोगों से पूछताछ की गई।

कड़ी पूछताछ के बाद मनीष ने कबूल किया जुर्म

पूछताछ में अनीश के भाई मनीष कुमार का बयान संदिग्ध लगा। कड़ी पूछताछ के बाद मनीष कुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मनीष ने पुलिस को बताया कि 6 और 7 मार्च की दरमियानी रात दोनों भाइयों के बीच झगड़ा हो गया था। वह अपने भाई की तलाश करते हुए ब्लॉक कार्यालय के पास स्थित शौचालय की छत पर पहुंचा, जहां अनीश नशे की हालत में मिला। घर लौटने को लेकर दोनों भाइयों के बीच बहस शुरू हुई और हाथापाई हो गई।

'हाथापाई के दौरान नीचे गिरने से अनीश की मौत'

मनीष ने बताया कि हाथापाई के दौरान अनीश नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। मनीष का कहना है कि यह पूरी घटना दुर्घटनावश हुई थी। पुलिस अब पूरे मामले की आगे जांच कर रही है और सबूतों के आधार पर कार्रवाई जारी है।