A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. चाईबासा: 29 जंगली हाथियों के झुंड का उत्पात जारी, एक युवक की दर्दनाक मौत

चाईबासा: 29 जंगली हाथियों के झुंड का उत्पात जारी, एक युवक की दर्दनाक मौत

चाईबासा और ओडिशा के क्योंझर जिले के झारखंड ओडिशा सीमावर्ती क्षेत्र में 29 जंगली हाथियों के झुंड का उत्पात जारी है। हाथी के हमले में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उसकी भाभी ने पाइप में छिपकर बचाई जान।

Chaibasa- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT जंगली हाथियों का आतंक

चाईबासा और ओडिशा के क्योंझर जिला के झारखंड ओडिशा सीमावर्ती क्षेत्र में 29 जंगली हाथियों का झुंड पिछले कई दिनों से उत्पात मचा रहा है। शनिवार शाम को हाथी के हमले में नोवामुंडी थानाक्षेत्र के जामपानी के एक युवक की मौत हो गई। युवक भाभी के साथ अपने गांव जा रहा था। रास्ते में अचानक हाथियों के झुंड से आमना-सामना हो गया। इस दौरान एक हाथी ने युवक को अपनी सूंड से पकड़कर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला बाईक से गिरकर किसी तरह पास की पाइप में छिपकर अपनी जान बचाई। 

इस क्षेत्र में हाथियों का झुंड पिछले कई दिनों से घूम रहा है और पहले भी दो लोगों की हाथी के हमले से मौत हो चुकी है। हाथियों का झुंड क्षेत्र में लोगों की धान की फसल को भी नुकसान पहुंचा रहा है। जिससे लोग परेशान हैं और हाथियों को जंगल की ओर भगाने का प्रयास कर रहे हैं। 

छुट्टी पर घर आया था युवक

19 वर्षीय दीपेश नायक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दीपेश रुगड़ी गुवाली में काम करता था और इन दिनों छुट्टी में अपने घर आया हुआ था। शनिवार शाम करीब 7 बजे दीपेश अपनी भाभी के साथ बाइक से अपने गांव से निकला, तभी तितरबिल नारायणपुर चौक के पास अचानक हाथियों के झुंड से आमना-सामना हो गया। इस दौरान एक हाथी ने दीपेश को अपनी सूंड से पकड़कर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दीपेश की भाभी बाइक से गिरकर किसी तरह पास के पाइप में छिप गईं और अपनी जान बचाई। उन्होंने घटना की जानकारी पास के ग्रामीणों को दी। 

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत वन विभाग तथा विलायपदा पुलिस चौकी को सूचित किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चंपुआ अस्पताल भेज दिया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में बढ़ते हाथी आतंक को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

(चाईबासा से गंगाधर पांडे की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

बिहार चुनाव: JMM ने महागठबंधन को दिया अल्टिमेटम, कहा- '14 अक्टूबर तक सीटों का बंटवारा नहीं हुआ तो...'

सुरक्षाबलों की टीम पर दो बार नक्सलियों ने किया हमला, इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल, जवान की मौत