A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा से 50 साल का शिक्षक करता रहा दुष्कर्म, गर्भवती होने पर मचा बवाल

तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा से 50 साल का शिक्षक करता रहा दुष्कर्म, गर्भवती होने पर मचा बवाल

छात्रा गर्मी की छुट्टियों में घर लौटी थी। इस दौरान उसके शरीर में बदलाव देखकर परिजन डॉक्टर के पास ले गए। जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

Chatra School- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT छात्रा के गर्भवती होने से स्कूल में हड़कंप

झारखंड के चतरा जिले में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा गर्भवती पाई गई है। इसके बाद से पूरे इलाके में बवाल मचा हुआ है। छात्रा ने बताया कि स्कूल में एक शिक्षक उसके साथ दुष्कर्मी करता था। आरोपी शिक्षक की उम्र 50 साल है। मामला एक अनुसूचित जनजाति आवासीय बालिका प्राथमिक विद्यालय का है, जहां पदस्थ शिक्षक शंकर प्रसाद ने अपनी मर्यादा को तार-तार करते हुए मासूम बच्ची को हवस का शिकार बनाया। इस घिनौने कृत्य का खुलासा तब हुआ, जब नाबालिग छात्रा गर्भवती पाई गई।

जानकारी के अनुसार, छात्रा अचानक आवासीय विद्यालय से घर लौट आई थी। इस दौरान ग्रामीण महिलाओं ने उसके शरीर में हो रहे बदलाव को देखा। पूछने पर बच्ची ने अस्वस्थता की बात कही, जिसके बाद परिजनों ने एक स्थानीय चिकित्सक को बुलाया जब स्थानीय चिकित्सक द्वारा जांच की गई, तो प्रेगनेंसी किट से गर्भवती होने की पुष्टि हुई। यह खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

आरोपी शिक्षक गिरफ्तार

आक्रोशित ग्रामीण बच्ची को लेकर विद्यालय पहुंचे और जमकर विरोध जताया। सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी शिक्षक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में हंटरगंज थाने में भारतीय संहिता, पॉक्सो एक्ट  एवं एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

जांच में महिला थाना और बाल कल्याण समिति भी शामिल

जिला प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। उपायुक्त के निर्देश पर आरोपी शिक्षक को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। जांच प्रक्रिया में महिला थाना, बाल कल्याण समिति एवं संबंधित विभागों को शामिल किया गया है, ताकि पीड़िता को न्याय दिलाया जा सके। इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी प्रभात कुमार, एसआई नितेश कुमार प्रसाद, महिला थाना प्रभारी सुषमा कुमारी सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।

आरोपी को कठोर सजा की मांग

इस घटना की जानकारी के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कठोरतम सजा और स्थायी सेवा समाप्ति की मांग करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को समाज में रहने का कोई अधिकार नहीं है। यह घटना सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि समाज के विश्वास और बच्चों की सुरक्षा पर गहरा हमला है। अब सबकी नजर प्रशासन और न्याय व्यवस्था पर है कि पीड़िता को जल्द न्याय मिले और दोषी को ऐसी सजा मिले, कि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो ।

(चतरा से संजीत मिश्रा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

आने वाली है चिलचिलाती गर्मी, राजस्थान में सबसे पहले होगा असर, मौसम विभाग की सलाह- 'दोपहर में बाहर न निकलें'

वृंदावन नाव हादसे पर पीएम मोदी ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान, घटना का वीडियो आया सामने