1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. साइबर अपराधियों पर CID का एक्शन, 2.98 करोड़ की धोखाधड़ी में शामिल 2 लोगों की हुई गिरफ्तारी

साइबर अपराधियों पर CID का एक्शन, 2.98 करोड़ की धोखाधड़ी में शामिल 2 लोगों की हुई गिरफ्तारी

झारखंड की सीआईडी टीम ने साइबर अपराध के मामले में 2 आरोपियों को गुजरात से गिरफ्तार किया है। सीआईडी ने बताया कि 2.98 करोड़ रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में यह गिरफ्तारी की गई है।

CID takes action against cyber criminals 2 people involved in fraud of 2 point 98 crores arrested- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रतीकात्मक तस्वीर

झारखंड के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ​​ने 2.98 करोड़ रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में गुजरात से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। एक विज्ञप्ति में बुधवार को यह जानकारी दी गई। विज्ञप्ति में कहा गया है कि 28 जुलाई को सीआईडी ​​के साइबर अपराध थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के बाद ये गिरफ्तारियां की गईं। सीआईडी ​​ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘शिकायतकर्ता को ऑनलाइन विज्ञापन के माध्यम से शिकागो बोर्ड ऑफ ऑप्शंस एक्सचेंज (सीबीओई) के नाम पर एक मंच में निवेश करने का लालच दिया गया था, जिसके बाद उसे ठगी को अंजाम दिया गया।’’

साइबर अपराधियों पर सीआईडी का एक्शन

इसमें कहा गया है कि यह धोखाधड़ी साइबर अपराधियों द्वारा सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल का उपयोग करके की गई थी, जहां शिकायतकर्ता को कारोबार पर उच्च रिटर्न के झूठे वादों के साथ गुमराह किया गया था। सीआईडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘साइबर अपराध थाने की मदद से दोनों आरोपियों को गुजरात के सूरत से 25 अगस्त को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें मंगलवार रात रांची लाया गया। आरोपियों को यहां एक अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।’’

पुलिस ने की गिरफ्तारी

विज्ञप्ति में कहा गया है कि धोखाधड़ी से संबंधित बैक खातों का विवरण, इसके लिए प्रयुक्त दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड उनके कब्जे से बरामद कर लिए गए हैं। इससे पहले इसी मामले में झारखंड के जमशेदपुर में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। एक दूसरे मामले में दिल्ली पुलिस ने फर्जी शेयर बाजार निवेश योजना के जरिए एक वरिष्ठ नागरिक से 31 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। आरोपियों की पहचान मोहसीन (37), नैयर अली (39) और कैफ (22) के रूप में हुई है, जिन्हें मंगलवार को पकड़ा गया।

(इनपुट-भाषा)