झारखंड के धनबाद में कोल इंडिया लिमिटेड में खनन कार्यों से जुड़े करीब एक लाख ठेका श्रमिकों के लिए दिवाली से ठीक पहले आर्थिक राहत की खबर है। कंपनी ने ठेका श्रमिकों के परिवर्तनशील महंगाई भत्ते यानी वीडीए की नई दरें जारी कर दी हैं। इसके बाद श्रमिकों की दैनिक मजदूरी उनकी श्रेणी के अनुसार 1,341 रुपये से बढ़कर 1,443 रुपये प्रतिदिन तक पहुंच जाएगी। नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से लागू हो चुकी हैं और ये 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेंगी।
महंगाई भत्ते में इजाफा, बढ़ेगी मासिक आय
कोल इंडिया मुख्यालय की ओर से 12 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश के मुताबिक, यह संशोधन भारत सरकार के मुख्य श्रम आयुक्त के 30 सितंबर 2026 के आदेश के आधार पर किया गया है। औद्योगिक श्रमिकों का औसत मूल्य सूचकांक 30 जून 2026 को 424.80 से बढ़कर 431.42 हो गया है। इसी वृद्धि को ध्यान में रखते हुए ठेका श्रमिकों के महंगाई भत्ते की नई दरें तय की गई हैं। यह संशोधन कोल इंडिया और ठेकेदारों के बीच गठित संयुक्त समिति की 9 अगस्त 2023 की सिफारिश के तहत किया गया है।
जानिए कितनी बढ़ी मजदूरी
नई व्यवस्था के तहत अकुशल श्रमिकों को मूल मजदूरी 1,176 रुपये और महंगाई भत्ता 165 रुपये मिलाकर प्रतिदिन 1,341 रुपये मिलेंगे। अर्धकुशल एवं अकुशल पर्यवेक्षकीय श्रेणी के श्रमिकों को मूल मजदूरी 1,206 रुपये और वीडीए 169 रुपये सहित प्रतिदिन 1,375 रुपये का भुगतान होगा। कुशल श्रमिकों को मूल मजदूरी 1,236 रुपये और महंगाई भत्ता 173 रुपये मिलाकर 1,409 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे, जबकि उच्च कुशल श्रमिकों को मूल मजदूरी 1,266 रुपये और वीडीए 177 रुपये सहित प्रतिदिन 1,443 रुपये मिलेंगे।
बीसीसीएल के 6 हजार श्रमिकों को भी फायदा
इस फैसले का सीधा लाभ कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियों में खनन कार्यों में लगे ठेका श्रमिकों को मिलेगा। इसमें धनबाद स्थित भारत कोकिंग कोल लिमिटेड यानी बीसीसीएल में कार्यरत करीब 6,000 ठेका श्रमिक भी शामिल हैं। झरिया, धनबाद, सिंदरी, काटरास और अन्य कोयला क्षेत्रों में बोरिंग, ढुलाई, ओवरबर्डन हटाने, सपोर्ट कार्य और सफाई जैसे कामों में तैनात श्रमिकों की मासिक आय में इजाफा होगा।
कंपनी के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दरों का निर्धारण निर्धारित श्रेणियों और संबंधित प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा। ठेकेदारों को अपने श्रमिकों को संशोधित दर के अनुसार वेतन का भुगतान सुनिश्चित करना होगा। बढ़ती महंगाई के बीच दिवाली से पहले आई यह घोषणा ठेका श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।
कुंदन सिंह की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
खाकी वर्दी का सपना... साड़ी पहनकर नंगे पांव दौड़ी कविता महतो, 1600 मीटर ट्रायल करीब 6 मिनट में किया पूरा- VIDEO