A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. धनबाद: कोयला स्लरी में दबकर 3 मजदूरों की मौत, कई के फंसे होने की आशंका

धनबाद: कोयला स्लरी में दबकर 3 मजदूरों की मौत, कई के फंसे होने की आशंका

अब तक तीन मजदूरों के शव बरामद हो चुके हैं। कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है। जेसीबी से मलबा हटाकर दबे हुए लोगों की तलाश की जा रही है।

Accident- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है

झारखंड के धनबाद जिले में बीसीसीएल (भारत कोकिंग कोल लिमिटेड) की मुनीडीह कोल वाशरी में शनिवार शाम को कोयला स्लरी के ढहने से तीन ठेका मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। लगातार बारिश से स्लरी का ढेर अचानक भरभरा गया, जिसमें कई मजदूर दब गए। हादसे के बाचाव कार्य शुरू हुआ, जिसमें तीन मजदूरों के शव मिले हैं, लेकिन अभी कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका बनी हुई है। बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। जेसीबी और अन्य भारी मशीनरी की मदद से मलबा हटाया जा रहा है, लेकिन बारिश ने राहत अभियान को और चुनौतीपूर्ण बना दिया है।

मुनीडीह ओपी क्षेत्र के तहत संचालित इस कोल वाशरी प्रोजेक्ट में शाम करीब 5 बजे ट्रक में स्लरी (कोयला पाउडर मिश्रित गाद) लोडिंग का काम चल रहा था। तभी भारी बारिश के कारण ऊपरी स्लरी का ढेर अचानक गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों को बाहर निकालने के प्रयास में अब तक तीन शव बरामद हो चुके हैं। अधिकारियों के मुताबिक, स्लरी के नीचे और मजदूर फंसे हो सकते हैं, इसलिए बचाव दल रातभर सतर्कता बरतते हुए काम कर रहे हैं।

बारिश बनी विपदा का कारण

पिछले कई दिनों से धनबाद क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश ने कोयला स्लरी को अस्थिर कर दिया था। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी घटनाएं खदानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और मौसमी जोखिमों के कारण होती हैं। बीसीसीएल अधिकारियों ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं, जबकि स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता का आश्वासन दिया है।

एनडीआरएफ की टीम अलर्ट

मौके पर पहुंचे धनबाद के डीएम और एसएसपी ने बचाव कार्य का जायजा लिया। एनडीआरएफ की टीम को भी अलर्ट किया गया है। मजदूर संगठनों ने हादसे पर शोक जताते हुए सुरक्षा उपायों की मांग तेज कर दी है। फिलहाल, पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और अगली सुबह तक बाकी फंसे मजदूरों को सुरक्षित निकालने की उम्मीद बंधी है।

(धनबाद से कुंदन सिंह की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

सोशल मीडिया से चल रहा था हनीट्रैप का खौफनाक खेल, झारखंड पुलिस ने आरोपी महिला को धर दबोचा

बोकारो ट्रेजरी घोटाले में CID का बड़ा एक्शन, अकाउंटेंट और दो पुलिसकर्मी अरेस्ट; 10 करोड़ रुपये मनी ट्रेल का खुलासा