साहिबगंज: रांची रेलवे स्टेशन के बाहर से 24 सितंबर को लापता हुए छत्तीसगढ़ निवासी चार वर्षीय बच्चे को रविवार, 27 सितंबर की सुबह साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बाबूपाड़ा से सकुशल बरामद कर लिया गया। रांची पुलिस ने धनबाद, जामताड़ा और साहिबगंज पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए बच्चे को बरामद किया। मामले में धनबाद से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीनपहाड़ से करीब चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है।
मां के पास से लापता हो गया था बच्चा
जानकारी के अनुसार, बच्चे की मां दिलमेत राजवाड़े आंध्र प्रदेश के सलेम में काम करने के बाद अपने बच्चों के साथ छत्तीसगढ़ लौट रही थीं। वह चार वर्षीय बेटी और छह वर्षीय बेटी के साथ 24 सितंबर को रांची पहुंची थीं। रेलवे स्टेशन के बाहर मां ऑटो चालकों से अंबिकापुर जाने वाले बस स्टैंड की जानकारी ले रही थीं। इसी दौरान विवान अचानक वहां से लापता हो गया। वहीं काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का पता नहीं चलने पर मां ने चुटिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद रांची पुलिस ने स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
बच्चा सकुशल बरामद
फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने धनबाद से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर जांच तीनपहाड़ तक पहुंची। चुटिया थाना इंस्पेक्टर पूनम कुजूर के नेतृत्व में रांची पुलिस की टीम तीनपहाड़ पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से बाबूपाड़ा में कार्रवाई कर बच्चे को बरामद कर लिया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चा रांची से तीनपहाड़ कैसे पहुंचा और पूरे मामले में अन्य किन लोगों की भूमिका है।
झारखंड पुलिस ने एक बयान में कहा कि शनिवार रात स्थानीय पुलिस की मदद से साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ इलाके से लड़के को बचाया गया। लड़के को रेलवे स्टेशन से तब अगवा किया गया था जब उसकी मां उसके साथ नहीं थी। 26 सितंबर की देर रात पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली, जब उन्होंने धनबाद रेलवे स्टेशन के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। इस संदिग्ध से मिली जानकारी के आधार पर, पुलिस ने साहिबगंज पुलिस की मदद से 'थ्री हिल्स' इलाके में ऑपरेशन चलाया। वहां उन्होंने चार और संदिग्धों को गिरफ्तार किया और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।
रिपोर्टः रिपोट- पवन कुमार राय
ये भी पढ़ेंः मॉल के रेस्टोरेंट में बैठे युवकों पर बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग, 4 लोग घायल; 15 राउंड चली गोली