1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. JPSC के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांगते गिरफ्तार, परीक्षाओं में धांधली के मामले में CID ने चार बार की थी पूछताछ

JPSC के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांगते गिरफ्तार, परीक्षाओं में धांधली के मामले में CID ने चार बार की थी पूछताछ

जेपीएससी की तरफ से आयोजित की गई कई परीक्षाओं में धांधली के आरोप हैं। इसी को लेकर छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और सभी परीक्षाओं को रद्द करने की मांग कर रहे हैं।

L Khiangte- India TV Hindi
Image Source : PTI एल ख्यांगते

झारखंड के रांची में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच झारखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांगते गिरफ्तार हो गए हैं। इससे पहले सीआईडी ने ख्यांगते से चार बार पूछताछ की थी। ये पूछताछ आठ-आठ घंटों तक चली थी। अब जांच एजेंसी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, छात्रों का प्रदर्शन अभी भी जारी है। वह इन सभी परीक्षाओं को रद्द कराने और इनमें हुई धांधली की सीबीआई जांच कराने पर अड़े हुए हैं। छात्रों का कहना है कि उन्हें राज्य सरकार की एजेंसी की जांच पर भरोसा नहीं है। ईडी ने भी इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रांची में JPSC-JSSC कैंडिडेट्स का प्रोटेस्ट जारी है। स्टूडेंट ग्रुप JSSC-CGL एग्जाम की पूरी, इंडिपेंडेंट सीबीआई जांच और JPSC और JSSC दोनों के लिए बड़े सुधारों की मांग कर रहे हैं। ख्यांगते ने परीक्षाओं में धांधली के आरोपों के बाद इस्तीफा दिया था। इसके बाद उनसे कई बार पूछताछ हुई और अब उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

रांची में छात्रों का विधानसभा मार्च जारी

विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने सोमवार को विधानसभा मार्च का ऐलान किया था। सुबह 10 बजे छात्र पुराने विधानसभा भवन से नए विधनसभा भवन की तरफ रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने कई बैरिकेड्स तोड़ दिए। छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया, लेकिन इससे छात्रों पर कोई असर नहीं पड़ा। जब छात्र विधानसभा भवन के बेहद करीब पहुंच गए और आखिरी बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की तो पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज भी किया। अब तक किसी प्रदर्शनकारी या पुलिसकर्मी के घायल होने की खबर नहीं आई है। पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी फेंके हैं। हालांकि, छात्रों का प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा है। इस वजह से अब तक कोई हिंसा नहीं हुई है।

17 दिन से प्रदर्शन कर रहे छात्र

रांची में छात्र 17 दिन से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान खराब मौसम से वह परेशान हुए। पुलिस ने उनका टेंट भी हटा दिया, लेकिन छात्र डटे रहे। राज्य सरकार ने कई बार छात्रों के प्रतिनिधियों से बात की, लेकिन अब तक बात नहीं बनी है। सरकार का कहना है कि छात्रों की 98 फीसदी मांगें मान ली गई हैं, लेकिन छात्रों का कहना है कि सरकार झूठ बोल रही है।

यह भी पढ़ें-

'पुलिस से झड़प नहीं, उपद्रवियों का साथ नहीं', झारखंड विधानसभा मार्च से पहले छात्रों की साथियों से अपील

झारखंड में छात्रों के विधानसभा मार्च से पहले प्रशासन अलर्ट, धारा 163 लागू, कंटीले तारों की बैरिकेडिंग