1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड के गुमला में युवती संग 6 लड़कों ने किया दुष्कर्म, पुलिस ने सभी आरोपियों को किया गिरफ्तार

झारखंड के गुमला में युवती संग 6 लड़कों ने किया दुष्कर्म, पुलिस ने सभी आरोपियों को किया गिरफ्तार

झारखंड के गुमला जिले में एक युवती संग गैंगरेप का मामला प्रकाश में आया है। दरअसल यहां एक युवती के साथ 6 लोगों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया है। इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

gangrape of a girl in Gumla Jharkhand police arrested all the accused- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO प्रतीकात्मक तस्वीर

झारखंड के गुमला जिले में एक अमानवीय घटना देखने को मिली है। यहां एक लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मगंलवार को पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि लड़की एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए वहां पहुंची थी। इस दौरान जब वह तीन अन्य लड़कियों के साथ शौच के लिए कार्यक्रम स्थल के बाहर गई थी, तब आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान अन्य लड़कियां वहां से भागने में सफल रहीं लेकिन पीड़िता वहां से भाग नहीं पाई। इसके बाद बदमाश लड़की को अपने साथ पास के लिए जंगल में ले गए और कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया।

युवती के साथ गैंगरेप

पुलिस ने बताया कि दुष्कर्म के बाद आरोपी पीड़िता को वहीं मरने के लिए छोड़कर भाग गए। काफी ढूंढने के बाद परिजनों को जब लड़की जंगल में मिली तो उसने आपबीती बताई, जिसके बाद पीड़िता के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सुरसांग थाने के प्रभारी मुकेश टूडू ने बताया कि घटना शुक्रवार को हुई और पुलिस ने सोमवार को सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा, ‘‘त्वरित कार्रवाई करते हुए एक टीम गठित की गई और 18 से 24 वर्ष की आयु के इन सभी आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया गया।’’ उन्होंने कहा कि अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। टूडू ने बताया कि लड़की की चिकित्सकीय जांच कराई गई और आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।

रांची में मिला शव

बता दें कि इससे पहले झारखंड के राची में हीं सोमवार की सुबह-सुबह यहां दो लोगों के शव बरामद किए गए थे। खौफनाक बात ये है कि इन दोनों ही लोगों का गला रेता हुआ पाया गया। एक पुलिस अधिकारी ने इस पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। शव सोमवार की सुबह बरामद किए हैं। पुलिस को संदेह है कि दोनों लोगों की हत्या रविवार की रात को की गई है। इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो लोगों के शव रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के एक सुनसान इलाके से बरामद किए गए हैं। दोनों के गले रेते हुए पाए गए हैं। पुलिस को शक है कि इन दोनों ही लोगों की हत्या रविवार की रात को की गई है। इसके बाद हत्यारों ने शवों को किसी सुनसान जगह पर छोड़ दिया है।

(इनपुट-भाषा)