1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. सेप्टिक टैंक में दम घुटने से तीन सगे भाइयों समेत 4 लोगों की मौत, अमेठी में भी हुआ ऐसा हादसा

सेप्टिक टैंक में दम घुटने से तीन सगे भाइयों समेत 4 लोगों की मौत, अमेठी में भी हुआ ऐसा हादसा

एक तरफ भारत आजादी का जश्न मना रहा है। वहीं दूसरी तरफ झारखंड के गढ़वा जिले में तीन भाईयों समेत 4 लोगों की मौत नाले में दम घुटने से हो गई है।

garhwa 4 people including 3 brothers died due to suffocation in a septic tank similar incident happe- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रतीकात्मक तस्वीर

झारखंड के गढ़वा जिले में शुक्रवार को एक सेप्टिक टैंक में दम घुटने से तीन सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पलामू रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) नौशाद आलम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह हादसा नवादा गांव में हुआ। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान तीन भाइयों अजय चौधरी (50), चंद्रशेखर चौधरी (42), राजू शेखर चौधरी (55) और माल्टू राम के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

सेप्टिक टैंक में दम घुटने से 4 लोगों की मौत

गढ़वा के उपमंडल अधिकारी संजय कुमार ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि यह एक नवनिर्मित सेप्टिक टैंक था और यह घटना उस समय हुई जब एक के बाद एक चारों व्यक्ति शटरिंग हटाने के बाद सफाई करने के लिए टैंक में उतरे। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की मदद से चारों को बाहर निकाला गया और गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं एक दूसरे मामले में अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के सरदार गंज गांव में नाले में डूबने से शुक्रवार को एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

अमेठी में नाले में गिरने से एक युवक की मौत

पुलिस ने बताया कि गांव सरदार गंज निवासी विनोद कुमार (28) शुक्रवार को नाले में मछली पकड़ने गया था। पुलिस ने कहा कि पानी अधिक होने के कारण विनोद नाले में डूब गया और उसकी मौत हो गई। थाना मोहनगंज के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और विधिक कार्यवाही की जा रही है। बता दें कि इसी तरह बीते दिनों दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में एक खुले सीवर नाले में एक बच्चे के गिरने की खबर सामने आई थी।

(इनपुट-भाषा)