A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. एक महीने चली जांच, 600 लोगों से पूछताछ, गढ़वा रेप-मर्डर केस का आरोपी गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

एक महीने चली जांच, 600 लोगों से पूछताछ, गढ़वा रेप-मर्डर केस का आरोपी गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

17 साल की किशोरी अपनी मां और बहन के साथ गढ़वा के रामकंडा थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह में शामिल होने आई थी। देर रात शौच के लिए घर से बाहर निकलने पर आरोपी ने उसे पकड़ लिया और रेप के बाद उसकी हत्या कर दी।

Murder- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE प्रतिकात्मक तस्वीर

गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में एक किशोरी का रेप के बाद मर्डर करने के केस में पुलिस को एक महीने की जांच के बाद बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस केस में  27 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को पुलिस ने बताया कि एक महीने की जांच और लगभग 600 लोगों से पूछताछ के बाद रविवार को संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस को सैकड़ों फोन कॉल रिकॉर्ड्स भी खंगालने पड़े।

क्या थी पूरी घटना?

पुलिस के मुताबिक यह घटना 21 फरवरी को रामकंडा पुलिस थाना क्षेत्र में उस वक्त हुई थी, जब 17 वर्षीय लड़की शौच के लिए गई थी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमन कुमार ने बताया, ''किशोरी अपनी मां और बहन के साथ एक शादी में शामिल होने गांव आई थी। देर रात वह शौच के लिए बाहर गई थी।'' 

रेप के बाद गला घोटकर हत्या

उन्होंने बताया कि घात लगाकर बैठे आरोपी ने उसका पीछा करना शुरू किया। आरोपी के संदिग्ध व्यवहार को देखकर पीड़िता ने भागने की कोशिश की। इसी बीच आरोपी तेजी से पीड़िता पीछा करने लगा। भागने के दौरान पीड़िता लड़खड़ा कर सड़क पर गिर गई और आरोपी ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने किशोरी के कपड़े फाड़ दिए और हैवानियत की हदें पार करते हुए आरोपी ने चिल्लाने से रोकने के लिए उसी कपड़े को उसके मुंह में ठूंस दिया। पुलिस ने बताया कि फिर वह उसे एक खेत में ले गया, जहां उसके साथ बलात्कार किया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। 

23 फरवरी को मिला पीड़िता का शव

पुलिस ने 23 फरवरी को पीड़िता का शव बरामद किया और पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की। उसने बताया कि जांचकर्ताओं ने विवाह समारोह में शामिल होने आए करीब 600 लोगों से पूछताछ की और करीब 200 लोगों के फोन कॉल रिकॉर्ड का भी विश्लेषण किया। पुलिस ने बताया कि अपराध स्थल से मिले आरोपी के चप्पल ने जांचकर्ताओं को पूरी गुत्थी सुलझाने में मदद की।