झारखंड के सरायकेला में आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतबोहनी स्थित साई कृष्णा हेवन सिटी अपार्टमेंट में गुरुवार को एक 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान खुशबू कुमारी के रूप में हुई है, जो सतबोहनी क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है।
किसी से मिलने गई थी युवती
मिली जानकारी के अनुसार, खुशबू गुरुवार को साई कृष्णा हेवन सिटी पहुंची थी। एंट्री गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड को उसने फ्लैट नंबर 515 में अपने किसी परिचित से मिलने जाने की बात कही, जिसके बाद उसे अंदर जाने दिया गया। कुछ ही देर बाद अपार्टमेंट परिसर में उसके नीचे गिरने की सूचना मिली। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और युवती के शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही कई एंगल से जांच
प्रारंभिक जांच में पुलिस कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि खुशबू फ्लैट नंबर 515 में किससे मिलने गई थी और वहां उसके साथ क्या घटनाक्रम हुआ। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवती का फ्लैट में रहने वाले लोगों से क्या संबंध था और घटना से पहले वहां क्या स्थिति बनी थी। फिलहाल मामले को आत्महत्या की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी तथ्यों के सामने आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ फ्लैट में मौजूद लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
बेटे की हत्या करने वाला पिता गिरफ्तार
वहीं, एक अन्य घटना में हज़ारीबाग़ में बुधवार को एक व्यक्ति को अपने छह महीने के बेटे की हत्या करने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया। आरोप है कि उसने अपनी पत्नी और मां के बीच हुई बहस के बाद गुस्से में आकर बच्चे की हत्या कर दी थी। आकाश कुमार मेहता की पत्नी निराली और मां फुतो देवी के बीच सड़े हुए आलू फेंकने को लेकर बहस हो गई थी। इसी दौरान वह घर पहुंचा और गुस्से में आ गया। इसके बाद उसने बच्चे को उठाया और कुएं के पास एक पत्थर पर पटक दिया।
रिपोर्टः गंगाधर पांडे
ये भी पढ़ेंः कानून के रखवालों के घर से नाबालिग बरामद, चेहरे पर चोट के निशान; SP ने दारोगा दंपति को किया सस्पेंड