1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. रांची में छात्रों के आंदोलन में आज: नेहा बोरा पर फेंकी गई स्याही, स्टूडेंट्स ने बनाया नया डेलिगेशन, CM सोरेन ने भी दिया बयान

रांची में छात्रों के आंदोलन में आज: नेहा बोरा पर फेंकी गई स्याही, स्टूडेंट्स ने बनाया नया डेलिगेशन, CM सोरेन ने भी दिया बयान

रांची में जारी छात्रों के प्रदर्शन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उनसे बातचीत करने के लिए राजी होने की खबर सामने आई है। छात्रों ने भी संवाद के लिए नया डेलिगेशन बना लिया है। उधर, विधानसभा की तरफ मार्च कर रहीं AISA अध्यक्ष नेहा बोरा पर स्याही फेंकने की घटना हो गई है।

ranchi students protest- India TV Hindi
Image Source : ANI/HEMANT SOREN (X) रांची में नेहा बोरा पर स्याही फेंकी गई। उधर, CM सोरेन के भी बातचीत के लिए राजी होने की खबर आई है।

झारखंड के रांची में छात्रों के प्रोटेस्ट के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बड़ा बयान सामने आया है। हेमंत सोरेन ने कहा है कि वह छात्रों के साथ बात करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की बात छात्रों के साथ ही होगी यानी सरकार ने साफ कर दिया है कि वो छात्रों के अलावा किसी और से बात नहीं करेंगे। इस बीच, छात्र भी अपना नया डेलिगेशन बनाने को तैयार हो गए हैं। उधर, झारखंड विधानसभा की ओर मार्च कर रहीं AISA अध्यक्ष नेहा बोरा पर स्याही फेंकने की घटना भी सामने आई है।

छात्रों के साथ करेंगे छात्रों की बात- हेमंत सोरेन

सीएम हेमंत सोरेन ने अपने X पोस्ट में लिखा, 'छात्रों की बात-छात्रों के साथ। मैंने पहले भी कहा है कि मैं और हमारी सरकार झारखंड सहित पूरे देश में छात्रों और युवाओं से जुड़ी समस्याओं के ठोस एवं व्यावहारिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है। रांची में मेरे युवा साथियों के साथ-साथ, राज्य के विभिन्न जिलों में रहने वाले युवाओं और छात्रों के सुझाव भी समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। इसलिए सरकार सभी जिलों के छात्र-छात्राओं की राय और सुझाव प्राप्त करेगी, ताकि समाधान व्यापक और समावेशी हो।'

सकारात्मक बदलावों की दिशा में उठाएंगे ठोस कदम

अपने एक्स पोस्ट में सोरेन ने आगे लिखा, 'हम शीघ्र ही राज्य और देशभर के छात्रों, शिक्षाविदों तथा नीति-निर्माताओं के सुझाव एकत्रित कर, समयबद्ध तरीके से आवश्यक सुधारों और सकारात्मक बदलावों की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।'

छात्रों ने बातचीत के लिए नया डेलिगेशन बनाया

सरकार के कहने पर स्टूडेंट्स ने अपने नए डेलिगेशन की लिस्ट तैयार कर ली है। नई लिस्ट में सभी छात्र हैं। इसमें कोई पत्रकार या एडवोकेट नहीं है। सरकार से वार्ता करने वाले डेलिगेट्स की अंतिम सूची इस प्रकार है।

  1. रविंद्र पासवान
  2. पीयूष कुमार
  3. राजेश प्रसाद
  4. नीतू कुजूर
  5. अंकित राज
  6. कार्तिक सोरेन
  7. शालू कुमारी
  8. रवींद्र कुमार रवि
  9. आनंद कुमार
  10. अंकित कुमार

AISA अध्यक्ष नेहा बोरा पर फेंकी गई स्याही

वहीं, रांची में जब JPSC-JSSC परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर AISA लीडर नेहा बोरा अपने साथियों के साथ झारखंड विधानसभा की तरफ मार्च कर रही थीं, तभी एक शख्स ने उनपर स्याही फेंक दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इस घटना पर नेहा बोरा ने कहा कि 20 जुलाई को हम पर आंसू गैस के गोले दागे गए, पैलेट गन का प्रयोग किया गया; हम लोग जब तब नहीं डरे, तो यह मामूली स्याही हमारा क्या बिगाड़ सकती है?

देवेंद्र नाथ महतो को अस्पताल में भर्ती करने की आई नौबत

इससे पहले, आज सुबह रांची में भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ने की खबर आई थी। उन्होंने कहा था कि मेरी जान को खतरा है। डॉक्टरों ने मुझे भर्ती होने की सलाह दी है। इसके बाद देवेंद्र नाथ महतो को हॉस्पिटल में एडमिट करना पड़ा था।

ये भी पढ़ें- JPSC परीक्षा मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, रांची और लखनऊ से 5 गिरफ्तार, अब तक कुल 19 हुए अरेस्ट