1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड सरकार के एक साल पूरे पर कल 10 हजार युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी, सीएम सोरेन बांटेंगे नियुक्ति पत्र

झारखंड सरकार के एक साल पूरे पर कल 10 हजार युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी, सीएम सोरेन बांटेंगे नियुक्ति पत्र

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक होना चाहिए ताकि वे उनका लाभ उठा सकें। हमें बिचौलियों के लिए दरवाजे बंद करने होंगे और इसके लिए मुझे लोगों के समर्थन की जरूरत है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन- India TV Hindi
Image Source : X@HEMANTSORENJMM मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

रामगढ़ः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार का एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में 28 नवंबर को 10,000 से अधिक लोगों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। सोरेन ने रामगढ़ जिले के लुकैयाटांड़ मैदान में अपने दादा सोबरन सोरेन की 68वीं पुण्यतिथि पर आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि शुक्रवार को हमारी सरकार का एक वर्ष पूरा हो रहा है। इस मौके पर हम 10,000 से ज्यादा युवाओं को रोजगार देंगे।

नौकरी भी मिलेगी, स्वरोजगार भी होगा

सीएम सोरेन ने एक्स हैंडल पर ट्वीट कर कहा कि हमारे नौजवान साथियों के लिए भी अलग-अलग तरीके से उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हम कार्ययोजना बना कर काम कर रहे हैं और 2050 तक राज्य को खुशहाल झारखण्ड बनाने की ओर भी बढ़ रहे हैं। कल अबुआ सरकार का भी एक साल पूरा होने वाला है। और कल लगभग 10 हजार नौजवानों को हम नौकरी देने जा रहे हैं। नौकरी भी मिलेगी, स्वरोजगार भी होगा। 

2025 तक झारखंड होगा समृद्ध प्रदेश

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में स्वरोजगार के अवसर भी सृजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार 2050 तक झारखंड को समृद्ध और दिल्ली, मुंबई तथा गुजरात से भी बेहतर बनाने के विजन पर काम कर रही है। सोरेन ने लोगों से एकजुट होकर राज्य के समग्र विकास में अपनी भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मैं कहता रहा हूं कि हमारी सरकार रांची से नहीं, बल्कि गांवों से काम करती है। हमें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है और किसानों को समृद्ध बनाना है।

सीएम ने कहा कि अभी सरकार आपके द्वार का कार्यक्रम चल रहा है। ऐसे काम जिसमें पदाधिकारियों को सीमित दिनों में आपको हक-अधिकार और योजनाओं से जोड़ने का काम करना है उसे वह समय सीमा के अंदर पूरा करें।  पदाधिकारियों को समय के अंदर काम करना भी होगा इसलिए इस बार हमने सेवा का अधिकार सप्ताह नाम से कार्यक्रम का आयोजन किया है। आने वाले वर्षों में सरकार की आंख, नाक और कान यहां के हर एक घरों में होंगे। यहां के लोग पदाधिकारियों को नहीं जान पाते हैं। दलालों के जरिए ही काम कराने को कभी-कभी विवश होते हैं। दलालों का दरवाजा बंद करने का काम होगा। इसमें आपका भी सहयोग हमें चाहिए। पूरी कार्यव्यवस्था पर कड़ी नजर रहेगी। जो गलत काम करेगा, सजा का भागीदार होगा।

पिछले साल 28 नवंबर को सीएम बने थे हेमंत सोरेन

बता दें कि हेमंत सोरेन ने पिछले साल 28 नवंबर को झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इससे पहले हुए विधानसभा चुनाव में सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 81 में से 56 सीट पर जीत हासिल की थी।

भाषा इनपुट के साथ