1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड विधानसभा चुनाव 2024: क्या शिकारीपाड़ा में JMM के किले में सेंध लगा पाएंगी अन्य पार्टियां? जानें समीकरण

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024: क्या शिकारीपाड़ा में JMM के किले में सेंध लगा पाएंगी अन्य पार्टियां? जानें समीकरण

शिकारीपाड़ा सीट पर जेएमएम (झारखंड मुक्ति मोर्चा) का दबदबा रहा है। यहां से झामुमो के वरिष्ठ नेता नलिन सोरेन लगातार 7 बार विधायक रहे हैं। हालांकि बीते लोकसभा चुनाव में नलिन सांसद बन चुके हैं। ऐसे में इस सीट पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलेगा।

Jharkhand Assembly Elections 2024- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV झारखंड विधानसभा चुनाव 2024

शिकारीपाड़ा: चुनाव आयोग द्वारा झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा चुका है। राज्य में 2 चरणों में चुनाव होंगे। यहां 13 और 20 नवंबर को वोटिंग होगी और नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। झारखंड में विधानसभा की 81 सीटें हैं। इन्हीं सीटों में से एक सीट का नाम शिकारीपाड़ा है। इस सीट पर 20 नवंबर को वोटिंग होगी।

क्या है शिकारीपाड़ा का राजनीतिक इतिहास?

इस सीट को जेएमएम (झारखंड मुक्ति मोर्चा) की सुरक्षित सीट माना जाता है। विरोधी पार्टियों ने जेएमएम को सत्ता से बेदखल करने के लिए तमाम मजबूत दावेदार उतारे लेकिन जेएमएम को हरा नहीं सके। यहां पर झामुमो के वरिष्ठ नेता नलिन सोरेन का दबदबा रहा है।

नलिन सोरेन यहां से लगातार 7 बार विधायक रहे हैं। हालही में हुए लोकसभा चुनावों में नलिन सांसद बन चुके हैं। इसलिए यहां विधायक का पद खाली भी है। साल 1990 से नलिन यहां से विधायक चुने जाते रहे हैं, ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि नलिन के सांसद बनने के बाद इस सीट पर विधायक कौन बनता है।

यहां पर झामुमो के टिकट के लिए तमाम दावेदार हैं। इसमें नलिन के पुत्र आलोक और उनकी पत्नी जायस बेसरा और दुमका विधायक बसंत सोरेन का नाम शामिल है। वहीं बीजेपी और अन्य दलों में भी इस सीट पर मजबूत प्रत्याशी उतारने पर ही जोर दिया जा रहा है, जिससे झामुमो के वर्चस्व को चुनौती दी जा सके। 

शिकारीपाड़ा में साल 2019 के विधानसभा चुनाव के नतीजे

प्रत्याशी का नाम  पार्टी  मिले वोट
नलिन सोरेन जेएमएम  79,400
परितोष सोरेन बीजेपी 49,929
राजेश मुर्मू जेवीएम 5,164
सालखन मुर्मू जेडीयू 4,445

शिकारीपाड़ा में साल 2014 में विधानसभा चुनाव के नतीजे

प्रत्याशी का नाम पार्टी  मिले वोट
नलिन सोरेन जेएमएम 61,901
परितोष सोरेन जेवीएम 37,400
शिवधन मुर्मू लोजपा 21,010 
राजा मरांडी कांग्रेस 7,877

 झारखंड में कितने वोटर?

हालही में चुनाव आयोग ने बताया था कि झारखंड में 2 करोड़ 60 लाख वोटर हैं। यहां एक करोड़ 31 लाख पुरुष वोटर हैं और एक करोड़ 29 लाख महिला वोटर हैं।  झारखंड में 29 हजार 562 बूथ पर वोट पड़ेंगे। झारखंड के हर बूथ पर 881 वोटर होंगे।

क्या थे पूरे झारखंडे में पिछले चुनाव के नतीजे?

पिछले चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) को 30 सीटें और बीजेपी को 25 सीटें मिली थीं, जबकि 26 सीटें अन्य दलों के खाते में गई थीं। जेएमएम चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी।