1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. CM हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान, बोले- 'हमने छात्रों की ज्यादातर मांगे मान ली, सभी परीक्षाओं की जांच करवाने को तैयार हैं'

CM हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान, बोले- 'हमने छात्रों की ज्यादातर मांगे मान ली, सभी परीक्षाओं की जांच करवाने को तैयार हैं'

JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितता और नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर रांची में छात्र आंदोलन कर रहे हैं। इस बीच CM हेमंत सोरेन ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि हमने छात्रों की ज्यादातर मांगे मान ली, सभी परीक्षाओं की जांच करवाने को तैयार हैं।

hemant soren on jharkhand student protest- India TV Hindi
Image Source : PTI छात्र प्रदर्शन पर बोले हेमंत सोरेन। (फाइल फोटो)

झारखंड की राजधानी रांची में पिछले 18 दिनों से राज्य के छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है। छात्र JPSC और JSSC परीक्षाओं में हुई धांधली की CBI जांच की मांग कर रहे हैं। अपनी मांगों को लेकर उन्होंने सोमवार को मार्च भी निकाला था। इस दौरान उन पर लाठीचार्ज किया गया। हालांकि, छात्र अब भी अपनी मांगों पर अड़े हैं, प्रोटेस्ट पर बैठे हैं। इस मुद्दे पर झारखंड से लेकर दिल्ली तक सियासी संग्राम छिड़ा है। बीजेपी ने एक तरफ जहां झारखंड बंद बुलाया है तो वहीं, दिल्ली में भी संसद में आज हंगामा हुआ है। वहीं, अब इस पूरे मुद्दे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा में बयान दिया है।

क्या बोले हेमंत सोरेन?

झारखंड की राजधानी रांची में जारी छात्रों के प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को विधानसभा में कहा- "हमने छात्रों की ज्यादातर मांगे मान ली हैं। राज्य की परीक्षा प्रणाली में सुधार किया जाएगा। हम सभी परीक्षाओं की जांच करवाने को तैयार हैं।" आपको बता दें कि झारखंड विधानसभा में छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर काफी हंगामा हुआ है। इस बीच विधानसभा की कार्यवाही तय समय से एक दिन पहले ही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई है।

सोरेन ने विपक्ष को परजीवी बताया

झारखंड विधानसभा में सीएम सोरेन ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। सोरेन ने कहा- "कभी-कभी ये अनेक तरीके के आड़ में छुप कर बैठे रहते हैं और अलग-अलग सोर्स से अपने को जीवित रखते हैं। जैसे कुछ परजीवी लोग अपने आप को जिंदा रखने के लिए अलग-अलग चारे का इंतजाम करते हैं। ये आज छात्रों की आड़ में अपनी ताकत का इजहार कर रहे हैं, तो मुझे भी लग रहा है कि थोड़ा बहुत इनमें रस बचा हुआ है। अगले कुछ समय के बाद वो भी खत्म हो जाएगा।"

सरकार की मंशा पूरे राज्य को पता है- हेमंत सोरेन

सीएम सोरेन ने कहा- "जेपीएससी से जुड़े विषय, जीडीपीएल के द्वारा लिए गए एग्जाम के संदर्भ में सीआईडी, सीबीआई तरह-तरह की बात सदन में आ गई है। सरकार की मंशा पूरे राज्य को पता है, सदन के माध्यम से भी बताया गया है। लेकिन विपक्ष इस राज्य के आने वाली पीढ़ी के लिए क्या सही है, क्या गलत है, उसको नहीं समझ पाया। विगत 6-7 सालों में इनके पास कुछ बचा नहीं था। यहां फिर से इनको खाली हाथ ही हासिल होगा।"

ये भी पढ़ें- JSSC-CGL परीक्षा में भी पेपर लीक! गिरफ्तार अभय तिवारी ने CID पूछताछ में किए अहम खुलासे, मचा हड़कंप

आज झारखंड बंद का ऐलान, रांची में हाई अलर्ट, JPSC के पूर्व चेयरमैन गिरफ्तार, जानें आगे क्या होगा