1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. एक महीने पहले हुई शादी, पति को खाने में जहर देकर मार डाला, हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार

एक महीने पहले हुई शादी, पति को खाने में जहर देकर मार डाला, हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार

राजा रघुवंशी की हत्या जैसा एक और मामला झारखंड के गढ़वा जिले से सामने आया है। यहां पत्नी पर शादी के एक महीने बाद ही पति को जहर देकर मारने का आरोप लगा है।

jharkhand garhwa husband poison murder- India TV Hindi
Image Source : PEXELS/FILE सांकेतिक फोटो।

देश में बीते कुछ दिनों से राजा रघुवंशी मर्डर केस चर्चा का विषय बना हुआ है। मेघालय में हनीमून मनाने गए राजा की हत्या करवाने का आरोप उसकी पत्नी सोनम पर ही लगा है। अब झारखंड के गढ़वा जिले से भी ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के एक महीने बाद ही पत्नी पर उसके पति को खाने में जहर देकर मारने का आरोप लगा है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, हत्या की ये पूरी घटना रविवार शाम को रंका पुलिस थाना क्षेत्र के तहत आने वाले बहोकुदर गांव में घटी है। एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी है कि 20 वर्षीय एक महिला को शादी के लगभग एक महीने बाद पति को जहर देकर उसकी हत्या करने के आरोप में अरेस्ट किया गया है। महिला की गिरफ्तारी उसकी सास की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर की गई है। आरोपी महिला को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

कैसे हुई शख्स की हत्या?

पुलिस अधिकारी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बुधनाथ सिंह की शादी बीते 11 मई को 20 वर्षीय सुनीता से हुई थी। सुनीता ने बीते रविवार को कथित तौर पर अपने पति बुधनाथ के खाने में जहरीला पदार्थ मिला दिया। बुधनाथ सिंह की उसी दिन मौत हो गई। पुलिस ने बताया है कि ये पता लगाने के लिए कि जहर किस तरह का था, मृतक बुधनाथ के बिसरा को सुरक्षित रखा गया है। 

पहले सास पर लगा दिया आरोप

पुलिस को जो शिकायत मिली है उसके मुताबिक, बुधनाथ सिंह और उसकी पत्नी सुनीता के बीच तनावपूर्ण संबंध थे। आरोपी सुनीता ने शुरुआत में अपनी सास पर ही बेटे को जहर देने का आरोप मढ़ दिया था। हालांकि, पुलिस ने बताया है कि बाद में सुनीता ने अपने अपराध को कबूल कर लिया। सुनीता को मंगलवार को जेल भेज दिया गया है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- बर्तन गिरा तो निकालने के लिए सूखे कुएं में उतर गए पिता-पुत्र, दम घुटने से दोनों की मौत

लड़की का 10 लोगों ने किया रेप, रघुवर दास बोले- CM के निर्वाचन क्षेत्र में भी आदिवासी लड़कियां सुरक्षित नहीं