झारखंड के रांची में स्टूडेंट्स के डेलिगेशन और हेमंत सोरेन सरकार के मंत्रियों के बीच मीटिंग संपन्न हो गई है। मीटिंग के लिए चार मंत्री गेस्ट हाउस पहुंचे थे। 10 छात्रों के डेलिगेशन से उनकी मुलाकात हुई। मीटिंग के बाद डेलिगेशन में शामिल रविंद्र पासवान ने कहा कि यह हमारी पहली मीटिंग थी। यह बहुत सकारात्मक रही। सभी के साथ बैठकर फैमिली जैसा महसूस हुआ। यह वाकई एक पॉजिटिव मीटिंग थी। हमें विश्वास है कि झारखंड सरकार, मुख्यमंत्री और सभी मंत्री हमारी मांगों को जायज मानेंगे।
सरकार के सामने मांगें रखीं- छात्र नेता
छात्रों के प्रतिनिधिमंडल में शामिल एक स्टूडेंट लीडर ने कहा कि सरकार के सामने मांगें रखी गई हैं। आगे भी बातचीत होगी। हमारा विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा। हमारी बातों को गंभीरता से लिया गया है। वे आग मुख्यमंत्री से बात करेंगे। कोई हल निकाला जाएगा।
छात्रों की मांगों पर विचार करेगी झारखंड सरकार
वहीं, प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के बाद झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू बोले, 'छात्रों के साथ हमारी मीटिंग अच्छे माहौल में हुई। हमने स्टूडेंट्स की मांगों को समझा। सरकार छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने के लिए प्रतिबद्ध है।'
सरकार से वार्ता करने वाले छात्रों के डेलिगेट्स की लिस्ट
- रविंद्र पासवान
- पीयूष कुमार
- राजेश प्रसाद
- नीतू कुजूर
- अंकित राज
- कार्तिक सोरेन
- शालू कुमारी
- रवींद्र कुमार रवि
- आनंद कुमार
- अंकित कुमार
ये सभी छात्र हैं। इस लिस्ट में कोई भी पत्रकार या वकील शामिल नहीं है।
बुधवार को डेलिगेशन से बातचीत को नहीं मानी थी सोरेन सरकार
इससे पहले, बुधवार को दिन भर छात्र डेलिगेशन सरकार के बुलावे का इंतजार करता रहा लेकिन न्योता नहीं आया। बाद में झारखंड सरकार की तरफ से दलील दी गई कि बात छात्रों से करनी है। डेलिगेशन में कुछ ऐसे नाम हैं जिनसे दिक्कत है। दरअसल, स्टूडेंट्स की तरफ से जो पहले 11 लोगों का डेलिगेशन तय हुआ था, उसमें एडवोकेट अजित कुमार का भी नाम था।
डेलिगेशन में सिर्फ छात्रों को चाहती थी झारखंड सरकार
दावा किया जा रहा है कि अजित कुमार बीजेपी के महाधिवक्ता रह चुके हैं। सरकार का मैसेज लेकर SDM प्रदर्शनकारी छात्रों से मिले और छात्रों से नया डेलिगेशन बनाने की बात कही। छात्र सरकार को कोई मौका नहीं देना चाहते हैं इसलिए एक बार में सरकार की बात मान ली गई। डेलिगेशन लिस्ट में फेरबदल कर दिए गए। रांची में छात्रों के आंदोलन में आज AISA अध्यक्ष नेहा बोरा पर स्याही फेंकने की घटना भी सामने आई थी। पुलिस स्याही फेंकने वाले शख्स को हिरासत में ले चुकी है।
ये भी पढ़ें- "मेरी जान को खतरा है", झारखंड में भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की बिगड़ी तबीयत