पलामू: झारखंड के पलामू जिले में मंगलवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। दिल दहला देने वाली यह घटना पांकी थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों सब्जी बेचकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में बिजली गिरने से उनकी जान चली गई। मृतकों की पहचान 55 साल के बालमुकुंद यादव और उनके 32 साल के बेटे दिलीप यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों अपने घर से करीब 200 मीटर दूर थे, तभी उन पर बिजली गिरी और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि शवों का पोस्टमॉर्टम बुधवार को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कराया जाएगा।
सरायकेला में बिजली ने ली 2 की जान
बता दें कि सूबे के सरायकेला-खरसावां जिले में भी रविवार की शाम वज्रपात की घटना में 2 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 5 अन्य घायल हो गए थे। यह हादसा नुआगोडा गांव में एक महिला के श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान हुआ था। पुलिस के मुताबिक, तेज बारिश के दौरान कुछ रिश्तेदार और ग्रामीण एक पेड़ के नीचे बैठे हुए थे। तभी अचानक बिजली गिर गई, जिसमें 7 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस करीब एक घंटे की देरी से पहुंची। पुलिस ने बताया कि 32 साल के सोनू सरदार और 9 साल की रोशनी सुरेन ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
लातेहार में भी वज्रपात से हुई 2 मौतें
झारखंड के लातेहार जिले में भी बिजली गिरने से 2 युवकों की मौत हो गई। घटना बीते गुरुवार को दोपहर सदर थाना क्षेत्र के बाजकुम इलाके में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, बारिश के दौरान दोनों युवक एक पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी वज्रपात की चपेट में आ गए। मृतकों की पहचान 20 साल के पीयूष कुमार और 18 साल के पवन कुमार के रूप में हुई है। सदर थाना प्रभारी रामाकांत गुप्ता ने बताया कि दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृत युवकों के एक दोस्त ने बताया कि पीयूष और पवन किसी काम से नवोदय विद्यालय जा रहे थे, तभी रास्ते में बिजली गिरने से यह हादसा हो गया।
यह भी पढ़ें: एक ही बाथरूम में 2 शव! धनबाद में महिला और नौकरानी की रहस्यमयी मौत, करंट या कुछ और?