A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड के 17 जिलों में अगले दो दिन मूसलाधार बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने को कहा

झारखंड के 17 जिलों में अगले दो दिन मूसलाधार बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने को कहा

मौसम विभाग ने बताया है कि झारखंड में 29 जुलाई तक व्यापक वर्षा होने की संभावना है। लगभग पूरे राज्य में शुक्रवार और शनिवार को मूसलाधार बारिश हो सकती है।

बारिश की चेतावनी। फाइल फोटो- India TV Hindi
Image Source : PTI बारिश की चेतावनी। फाइल फोटो

रांचीः झारखंड के 17 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को पूरे झारखंड में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए शुक्रवार सुबह 8.30 बजे से शनिवार सुबह 8.30 बजे तक 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया है। 

इन जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों के लिए भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिन जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है, उनमें सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज शामिल हैं। 

रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने दी ये जानकारी

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को राज्य के कई जिलों, मुख्यतः दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-मध्य भागों में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, उष्णकटिबंधीय चक्रवात 'विफा' का अवशेष उभर आया है और इसके प्रभाव में, गुरुवार को उत्तरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है।

26 जुलाई को इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 26 जुलाई के लिए गुमला, सिमडेगा, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया है, जबकि गढ़वा, पलामू, लातेहार और लोहरदगा के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है। 

बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक ने कहा कि इस दौरान लोगों को सतर्क रहना चाहिए, क्योंकि निचले इलाकों में जलजमाव या बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में 1 जून से 24 जुलाई के बीच 52 प्रतिशत अतिरिक्त वर्षा दर्ज की गई। इस अवधि के दौरान पूर्वी राज्य में सामान्य 434.7 मिमी की तुलना में 660.5 मिमी वर्षा हुई। उन्होंने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में सबसे अधिक 126 प्रतिशत अतिरिक्त वर्षा दर्ज की गई, उसके बाद सरायकेला-खरसावां में 106 प्रतिशत अतिरिक्त वर्षा दर्ज की गई। बता दें कि राज्य में झमाझम बारिश से कई जगहों पर जलजमाव हो गया है। 

इनपुट- पीटीआई