A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड में राज्यसभा सीटों पर JMM–कांग्रेस में टकराव के संकेत, सीट बंटवारे को लेकर बढ़ी खींचतान

झारखंड में राज्यसभा सीटों पर JMM–कांग्रेस में टकराव के संकेत, सीट बंटवारे को लेकर बढ़ी खींचतान

झारखंड में राज्यसभा सीटों को लेकर JMM और कांग्रेस के बीच मतभेद बढ़ गए हैं। JMM दोनों सीटों पर दावा कर रहा है, जबकि कांग्रेस ने एक उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इससे I.N.D.I.A गठबंधन में तनाव बढ़ता दिख रहा है।

Jharkhand Rajya Sabha election, JMM Congress conflict, Hemant Soren, INDIA alliance tension- India TV Hindi
Image Source : REPORTER'S INPUT राज्यसभा उम्मीदवारों पर अंतिम फैसला हेमंत सोरेन को लेना है।

रांची: झारखंड में सत्तारूढ़ I.N.D.I.A गठबंधन के भीतर राज्यसभा सीटों को लेकर मतभेद के संकेत सामने आए हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने राज्य की दोनों राज्यसभा सीटों पर अपना दावा ठोक दिया है, जबकि कांग्रेस पहले ही इनमें से एक सीट के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। इससे दोनों सहयोगी दलों के बीच टकराव की स्थिति बनती दिख रही है। JMM की एक अहम बैठक में यह मुद्दा प्रमुख रूप से उठा, जिसमें पार्टी के विधायक, मंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

दोनों सीटों पर चुनाव लड़ना चाहते हैं JMM के नेता

बैठक में पार्टी की रणनीति पर चर्चा हुई और कई नेताओं ने राय दी कि दोनों खाली सीटों पर JMM को ही चुनाव लड़ना चाहिए। बैठक के बाद राज्य के मंत्री योगेंद्र महतो ने कहा कि पार्टी के सभी विधायक, सांसद और मंत्री इस बात पर एकमत हैं कि दोनों राज्यसभा सीटों पर JMM का प्रतिनिधित्व होना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे पर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लेना है, जिन्हें पार्टी समन्वय और रणनीति तय करने की जिम्मेदारी दी गई है।

JMM के ताजा रुख ने बदल दिए सियासी समीकरण

अब सभी की नजर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर है, जो जल्द ही पार्टी के उम्मीदवारों पर अंतिम निर्णय लेकर गठबंधन सहयोगियों से बातचीत की दिशा तय कर सकते हैं। इसी बीच कांग्रेस ने एक दिन पहले ही राज्यसभा चुनाव के लिए अपने 7 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी, जिसमें झारखंड से प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस के इस कदम को इस संकेत के तौर पर देखा गया कि पार्टी गठबंधन में अपने हिस्से की एक सीट पर दावा मजबूत मान रही थी, लेकिन JMM के ताजा रुख ने राजनीतिक समीकरण बदल दिए हैं। यदि JMM दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला करती है, तो आने वाले दिनों में कांग्रेस-JMM में बातचीत का नया दौर देखने को मिल सकता है।

दोनों पार्टियों में पहले भी देखने को मिली है खींचतान

झारखंड में JMM और कांग्रेस लंबे समय से गठबंधन में हैं और वर्तमान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य की सत्ता में साझेदार हैं। 2024 में सत्ता बनाए रखने में इस गठबंधन की अहम भूमिका रही थी। हालांकि, सीट बंटवारे को लेकर खासकर राज्यसभा और लोकसभा चुनावों में दोनों दलों के बीच कई बार अंदरूनी खींचतान देखने को मिली है। हालांकि दोनों दल I.N.D.I.A गठबंधन के तहत एक साथ हैं, लेकिन यह साफ है कि सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाना हमेशा आसान नहीं रहा है।

24 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव 18 जून को चुनाव

बता दें कि देश की 24 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव 18 जून को होने हैं और सभी पार्टियां अपनी-अपनी रणनीति पर काम कर रही हैं। सियासी जानकारों का मानना है कि दोनों सीटों पर दावा करके JMM राज्य में अपनी राजनीतिक पकड़ और मजबूत करना चाहता है। वहीं कांग्रेस के लिए भी झारखंड से राज्यसभा में प्रतिनिधित्व बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि गठबंधन के भीतर उसका प्रभाव बना रहे। अब देखना होगा कि JMM और कांग्रेस आपसी सहमति बनाकर इस विवाद को सुलझाते हैं या फिर राज्यसभा चुनाव से पहले यह खींचतान और बढ़ती है। (रिपोर्ट: मुकेश सिन्हा)