1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. JPSC-JSSC घोटाले के खिलाफ छात्रों का आंदोलन जारी, बातचीत बेनतीजा; पीयूष मिश्रा भी पहुंचे

JPSC-JSSC घोटाले के खिलाफ छात्रों का आंदोलन जारी, बातचीत बेनतीजा; पीयूष मिश्रा भी पहुंचे

झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन जारी है। सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच लंबी बातचीत के बावजूद कोई अंतिम समाधान नहीं निकला। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की भूख हड़ताल सातवें दिन पहुंच गई। वहीं, अभिनेता पीयूष मिश्रा ने धरनास्थल पहुंचकर छात्रों का समर्थन किया।

JPSC JSSC Scam, Jharkhand Student Protest, JPSC JSSC Exam Irregularities- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सरकार मंत्रिमंडल से वार्ता करते हुए छात्र प्रतिनिधि मंडल।

Highlights

  • सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच राज्य अतिथि गृह में सकारात्मक वार्ता हुई।
  • छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की भूख हड़ताल का सातवां दिन शहीद निर्मल महतो को समर्पित।
  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और अभिनेता पीयूष मिश्रा ने आंदोलन को समर्थन दिया।

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितता और धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन जोरों पर चल रहा है। शनिवार को स्टेट गेस्ट हाउस, मोरहाबादी में सरकार के प्रतिनिधिमंडल और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच महत्वपूर्ण वार्ता हुई। सरकार की ओर से मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सुदिव्य कुमार सोनू, चमरा लिंडा और संजय प्रसाद यादव मौजूद रहे। छात्र प्रतिनिधिमंडल में रामा अवतार महतो, दिनबंधु मंडल, चंदन रजक, विमल कुमार, प्रेम कुमार, रवि शंकर, अमित कुमार शर्मा और कमलेश चौधरी शामिल थे।

विस्तार से हुई चर्चा, पर नहीं निकला कोई नतीजा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, वार्ता सकारात्मक माहौल में चली। छात्रों ने अपनी मांगें तथ्यों और सबूतों के साथ रखीं। हर बिंदु पर विस्तार से चर्चा हुई, लेकिन कोई अंतिम फैसला नहीं हो सका। सरकार ने आगे भी बातचीत जारी रखने का न्योता दिया। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही इस मामले में सकारात्मक फैसला घोषित करेगी। बता दें कि छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने हाल ही में कहा था कि भूख हड़ताल की वजह से उनकी जान को खतरा हो गया है।

शहीद निर्मल महतो को पुष्पांजलि अर्पित की गई

वहीं, छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने आज झारखंड आंदोलन के शहीद निर्मल महतो को पुष्पांजलि अर्पित की और अपनी भूख हड़ताल का सातवां दिन उन्हें समर्पित किया। उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो के संघर्ष, त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर छात्रों का न्यायपूर्ण आंदोलन मजबूती से आगे बढ़ेगा। आज छात्रों के सत्याग्रह धरने का 15वां दिन और देवेंद्र नाथ महतो की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का सातवां दिन चल रहा है। आंदोलन को समर्थन देने और देवेंद्र नाथ महतो के स्वास्थ्य की जानकारी लेने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू तथा सुप्रसिद्ध अभिनेता पीयूष मिश्रा धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने छात्रों से मुलाकात की और समर्थन जताया।

पीयूष मिश्रा ने दोनों टेंटों में की छात्रों से मुलाकात

पीयूष मिश्रा ने सुबह दोनों टेंटों में मुलाकात की। बता दें कि एक तरफ छात्रों का टेंट है और दूसरी तरफ छात्र नेता देवेंद्र महतो का। दोनों जगह मांगें एक जैसी हैं। देवेंद्र महतो एक पार्टी से जुड़े छात्र नेता हैं, इसलिए राजनीति के आरोप न लगें, इस वजह से छात्रों ने शुरुआत में ही अलग मंच बना लिया था। AISA के कार्यकर्ताओं ने आज फुटपाथ पर एक छोटा टेंट भी लगाया। शहीद निर्मल महतो की शहादत दिवस पर छात्रों ने शाम 7:30 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से फिरायालाल चौक तक मार्च निकाला। यह मार्च JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के बैनर तले निकाला गया।

ये भी पढ़ें: झारखंड में भूख हड़ताल पर बैठे छात्र की तबीयत बिगड़ी, 14वीं JPSC एग्जाम कैंसिल होने तक जारी रहेगा प्रदर्शन