A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड में महिला की गला रेत कर हत्या, डायन-बिसाही के शक में उतारा मौत के घाट, आरोपी अरेस्ट

झारखंड में महिला की गला रेत कर हत्या, डायन-बिसाही के शक में उतारा मौत के घाट, आरोपी अरेस्ट

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम में एक महिला की हत्या के आरोप में शख्स को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि डायन-बिसाही के शक में महिला का गला रेत दिया।

महिला की गला रेत कर हत्या - India TV Hindi
Image Source : REPORTER महिला की गला रेत कर हत्या

पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के खंडकोरी गांव स्थित गाउसाई टोला में अंधविश्वास ने एक महिला की जान ले ली। आरोप है कि डायन-बिसाही के संदेह में महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।

अंधविश्वास के कारण मार डाला

मृतका की पहचान शुरू गोप के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय उनके पति देवेंद्र गोप अपने बड़े बेटे और बेटी के साथ ओडिशा में एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर पर शुरू गोप अपने दो छोटे बच्चों के साथ अकेली थीं। पुलिस जांच में सामने आया है कि गांव निवासी पुंडवा उर्फ चोके सिंकु को अंधविश्वास के कारण यह संदेह था कि उसकी पांच वर्षीय बेटी और बड़े भाई की लगातार खराब सेहत के पीछे शुरू गोप का हाथ है। इसी शक के आधार पर उसने महिला की हत्या की योजना बनाई।

बताया जाता है कि आरोपी ने शुरू गोप को हड़िया पिलाने का बहाना बनाकर घर से बाहर बुलाया और गांव के समीप स्थित तानीबुरु क्षेत्र की झाड़ियों में ले गया। वहां उसने धारदार हथियार से हमला कर महिला की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। 

झाड़ियों में मिला शव

इधर, जब देवेंद्र गोप घर लौटे तो पत्नी को घर पर नहीं पाया। बच्चों से पूछताछ करने पर पता चला कि उनकी मां चोके सिंकु के साथ बाहर गई थीं। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद महिला का शव तानीबुरु क्षेत्र की झाड़ियों में बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही कुमारडुंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर चोके सिंकु को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून से सना हथियार भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में फैले अंधविश्वास और डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं की भयावहता को उजागर कर दिया है। प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने लोगों से अंधविश्वास से दूर रहने और कानून का पालन करने की अपील की है।

रिपोर्ट- गंगाधर पांडे