A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. धनबाद के हाई-सिक्योरिटी जोन में मर्डर, कोर्ट और सिटी मजिस्ट्रेट आवास के पास गला रेतकर युवक की बेरहमी से हत्या

धनबाद के हाई-सिक्योरिटी जोन में मर्डर, कोर्ट और सिटी मजिस्ट्रेट आवास के पास गला रेतकर युवक की बेरहमी से हत्या

धनबाद के हाई-सिक्योरिटी जोन में एक युवक की हत्या से सनसनी मच गई। जिस जगह पर युवक की हत्या हुई उसके पास में ही कोर्ट और सिटी मजिस्ट्रेट का घर भी है।

मामले की जांच करती पुलिस- India TV Hindi
Image Source : REPORTER मामले की जांच करती पुलिस

धनबादः धनबाद शहर के सबसे सुरक्षित और VIP इलाके में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। रणधीर वर्मा चौक के पास कृषि बाजार की खंडहर बिल्डिंग की छत पर 20 साल के रोहित सिंह का गला रेत दिया गया। सुबह खून की धार देखकर लोगों के होश उड़ गए। जिस जगह पर युवक का शव मिला, उसके कुछ ही दूरी पर कोर्ट और सिटी मजिस्ट्रेट का आवास है। ठीक इसी जगह 150 कदम आगे 28 जुलाई 2021 को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश उत्तम आनंद की सनसनीखेज हत्या ने पूरे देश को हिला कर रख दिया था। न्यायाधीश उत्तम आनंद अर्ली मॉर्निंग वॉक पर निकले थे रणधीर वर्मा चौक के पास ही उनको ऑटो वाले ने धक्का मार दी थी। इलाज के दरम्यान उनकी मौत हो गयी थी चौक पर लगे CCTV ने उनकी मौत की गुत्थी खोल दी थी।

रोहित कई सालों से उसी जर्जर दुकान में रहता था। रात को खाना खाकर सोया, लेकिन सुबह मिला उसका खून से लाल शव। जज रेसीडेंस , कोर्ट और रजिस्ट्रेशन ऑफिस के ठीक बगल में—जहां रात-दिन चहल-पहल रहती है। वहां अपराधियों ने खुलेआम कत्ल किया।  

सुराग जो चीख-चीखकर बयां कर रहे सच!

सीढ़ियों पर खून से सने चप्पलों के निशान मिले। पुलिस को शक—एक नहीं, कई हत्यारे थे! क्या ये बदला था, या कोई गहरा राज? सदर थाना पुलिस अधिकारी रामेश्वर राम ने बताया, "टीम तुरंत पहुंची। शव पोस्टमॉर्टम को भेजा। हत्या कन्फर्म, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पूरा सच खुलेगा। आसपास से लोगों से पूछताछ की जा रही है।

चाईबासा में दंपति की कुल्हाड़ी से हत्या 

वहीं, झारखंड के गोयलकेरा क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर एक दंपति की तब हत्या कर दी जब वे सोए हुए थे। अनुमंडल पुलिस अधिकारी (चक्रधरपुर) कुमार विनोद ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह दंपति के बच्चों ने अपने माता-पिता को खून से लथपथ देखा और शोर मचाया। अधिकारी ने बताया कि दंपति को पास के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

रिपोर्ट- कुंदन सिंह, धनबाद