1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. रसगुल्ला खाने से हुई शख्स की मौत, खाते समय गले में फंसा, परिवार में पसरा मातम

रसगुल्ला खाने से हुई शख्स की मौत, खाते समय गले में फंसा, परिवार में पसरा मातम

झारखंड के जमशेदपुर में एक रसगुल्ला एक शख्स की जान जाने की वजह बन गया। मिली जानकारी के मुताबिक, शख्स के गले में रसगुल्ला फंसने की वजह से उसकी मौत हो गई।

Rasgulla- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK/REPRESENTATIVE PIC रसगुल्ला खाने से शख्स की मौत

जमशेदपुरः झारखंड के जमशेदपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स की रसगुल्ला खाने से मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और मृतक के परिजनों में मातम पसर गया है।

क्या है पूरा मामला?

एमजीएम थाना क्षेत्र के बेलाजुड़ी पंचायत के मलियंता गांव के रहने वाले 41 साल के ललित सिंह के गले में रसगुल्ला फंसने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, ललित गांव के ही एक व्यक्ति की पार्टी में गए थे। परिवार के सभी लोग पार्टी में खाना खा चुके थे। ललित सिंह खाना खा रहे थे। खाना खाने के दौरान गले में खाना फंसने से वे काफी बेचैन हो गए।

उसके बाद मौके पर मौजूद परिवार के लोगों ने उन्हें पानी पिलाया, लेकिन ज्यादा बेचैन होने के कारण उन्हें फौरन एमजीएम अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ललित सिंह के गले में रसगुल्ला फंसने से मौत होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चल पाएगा।

रसगुल्ला एक प्रसिद्ध मिठाई है, जिसे आम तौर पर लोग खूब खाते हैं। लेकिन रसगुल्ला गले में फंसने से किसी की जान चली जाए, ऐसा मामला वाकई कुछ अलग है और लोगों को परेशानी में डालता है। बच्चों से लेकर बूढ़े तक रसगुल्ला का सेवन करते हैं, लेकिन इस तरह अगर ये मिठाई गले में फंसने से मौत होने लगेगी तो लोग मिठाई खाने से भी कतराने लगेंगे।

फिलहाल इस मामले की स्थानीय लेवल पर काफी चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि रसगुल्ला हो या कोई भी मिठाई, उसे खाने से पहले थोड़ा अलर्ट रहना चाहिए। क्योंकि किसी भी खाने को अगर ढंग से नहीं चबाया जाए तो वह गले में फंस सकता है और इस तरह की घटना घटित हो सकती है। (इनपुट: मुकेश सिन्हा)