A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड में आदिवासी महिला की घर में घुसकर हत्या, दरांती से रेत दिया गला; हैरान कर देगी वजह

झारखंड में आदिवासी महिला की घर में घुसकर हत्या, दरांती से रेत दिया गला; हैरान कर देगी वजह

झारखंड में एक महिला की उसके घर में घुसकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने दरांती से महिला का गला रेतकर हत्या कर दी।

आदिवासी महिला की घर में घुसकर हत्या।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE आदिवासी महिला की घर में घुसकर हत्या।

जमशेदपुर: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपने ही पड़ोस में रहने वाली एक बुजुर्ग आदिवासी महिला की कथित तौर पर जादू-टोना करने के लिए हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को घटना के बारे में जानकारी दी। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अपने पिता और भाई की मौत के लिए महिला को जिम्मेदार मान रहा था, इसलिए उसने महिला की हत्या कर दी। 

दरांती से रेत डाला गला

अधिकारी के मुताबिक घटना घाटशिला अनुमंडल के घनघोरी गांव में रविवार रात को हुई। उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान सिंगो किस्कू (75) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि महिला विधवा थी और घर में अकेली रहती थी। अधिकारी ने बताया कि बुजुर्ग महिला का पड़ोसी कृष्णा हेम्ब्रम (33) उसके घर में जबरन दाखिल हो गया। इसके बाद कृष्णा ने दरांती से बुजुर्ग महिला की गला रेत कर हत्या कर दी। वहीं घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। 

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों ने घटना के बारे में पुलिस को सूचित किया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम भी मौके पर पहुंची। सोमवार सुबह को खून से लथपथ हालत में शव को बरामद किया गया है। अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी कृष्णा को सोमवार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अधिकारी के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि कुछ समय पहले उसके पिता और भाई की मौत हो गई थी और वह किस्कू के काले जादू को उनकी मौत के लिए जिम्मेदार मानता था। इसलिए उसने इस घटना को अंजाम दिया। (इनपुट- पीटीआई)