A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. उत्तराखंड: हिमस्खलन के कारण बर्फ में दबे कई लोग, झारखंड के मजदूर भी शामिल, हेमंत सोरेन ने कही ये बात

उत्तराखंड: हिमस्खलन के कारण बर्फ में दबे कई लोग, झारखंड के मजदूर भी शामिल, हेमंत सोरेन ने कही ये बात

उत्तराखंड के चमोली में हिमस्खलन के बाद कई श्रमिक बर्फ में दब गए। बर्फ में दबने वाले मजदूरों में झारखंड के भी मजदूर शामिल हैं। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि मैं मरांग बुरु से श्रमिकों के सकुशल निकलने की कामना करता हूं।

Many people buried in snow due to avalanche IN Uttarakhand workers from Jharkhand also included Hema- India TV Hindi
Image Source : PTI हेमंत सोरेन

उत्तराखंड के चमोली जिला स्थित सीमांत गांव माणा के पास ऊंचाई वाले क्षेत्र में शुक्रवार को हिमस्खलन के कारण बर्फ में दबे श्रमिकों में झारखंड के भी मजदूर शामिल हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। हालांकि, झारखंड के श्रमिकों की सटीक संख्या की फिलहाल जानकारी नहीं मिली है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उत्तराखंड के चमोली जिले में बीआरओ के अंतर्गत काम कर रहे कई श्रमिकों के हिमस्खलन की चपेट में आने की सूचना मिली है।’’ श्रमिक चमोली जिले में माणा गांव के निकट बर्फ हटा रहे थे, तभी वे हिमस्खलन की चपेट में आ गए। बदरीनाथ से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित माणा, भारत-तिब्बत सीमा पर बसा आखिरी गांव है, जो 3,200 मीटर की ऊंचाई पर है। 

हेमंत सोरेन ने कही ये बात

सोरेन ने कहा, ‘‘प्राप्त जानकारी के अनुसार बीआरओ, भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और अन्य द्वारा राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं मरांग बुरु (आदिवासियों के देवता) से इस हादसे की चपेट में आये सभी श्रमिकों के सकुशल होने की कामना करता हूं।’’ संपर्क किये जाने पर झारखंड के श्रम आयुक्त संजीव बेसरा ने कहा कि वह इस मुद्दे पर अभी टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं हैं। हिमस्खलन के कारण 57 मजदूर बर्फ के नीचे दब गए थे, जिनमें से 16 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बता दें कि अबतक 32 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है