1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. हजारीबाग में ट्रक के टक्कर मारने से एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की मौत, एक अन्य घायल

हजारीबाग में ट्रक के टक्कर मारने से एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की मौत, एक अन्य घायल

झारखंड के हजारीबाग जिले में एक ट्रक द्वारा टक्कर मारे जाने के बाद एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, रात के दौरान दोनों पुलिसकर्मी गश्त कर रहे थे। इस दौरान ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस घटना में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और दूसरे घायल हो गए।

One traffic policeman killed another injured after being hit by a truck in Hazaribagh- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO प्रतीकात्मक तस्वीर

झारखंड के हजारीबाग जिले में एक दिल दहलाने वाली घटना देखने को मिली है। यहां रात में गश्त के दौरान एक ट्रक ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस घटना में एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। वहीं एक अन्य पुलिसकर्मी इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी है। पुलिस ने इस घटना को लेकर बताया कि यातायात पुलिसकर्मी मोटरसाइकिल से रात में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना कोरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 33 के हजारीबाग बरही खंड पर नगवा टोल प्लाजा के पास शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है। 

हजारीबाग में ट्रक ने ट्रैफिक पुलिस को मारी टक्कर

हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंजनी अंजन ने बताया कि दोनों यातायात पुलिसकर्मी गश्त पर थे। उन्होंने बताया, ‘‘उनकी मोटरसाइकिल को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।’’ अधिकारी ने बताया कि मृत पुलिसकर्मी की पहचान नंदलाल ठाकुर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह गिरिडीह जिले के निवासी थे। उन्होंने बताया कि इस हादसे में घायल हुए पुलिसकर्मी गणेश सिंह को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में प्रारंभिक उपचार दिया और इसके बाद उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। 

क्या बोले पुलिस अधीक्षक?

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना के बारे में संबंधित पुलिस थानों को सतर्क कर दिया गया है और ट्रक चालक को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान भी शुरू कर दिया गया है। एक मामला दर्ज कर लिया गया है।’’ बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को महाराष्ट्र के घाटकोपर स्काईवॉक पर एक पुलिस कॉन्स्टेबल का शव मिला था। जब कॉन्स्टेबल को अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बता दें कि पुलिसकर्मी की पहचान कॉन्स्टेबल विलास राजे के रूप में हुई है।

(इनपुट-भाषा)