1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. पलामू में बदमाशों का तांडव, घर में घुसकर दपंती को मारी गोली, पत्नी की मौत, पति घायल

पलामू में बदमाशों का तांडव, घर में घुसकर दपंती को मारी गोली, पत्नी की मौत, पति घायल

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब रामनवमी को लेकर पूरे झारखंड में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रांची, जमशेदपुर, गिरिडीह और हजारीबाग जैसे ‘‘संवेदनशील’’ जिलों में पुलिस को तैनात किया गया है।

Crime- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV अपराध

मेदिनीनगर (झारखंड):  झारखंड के पलामू जिले में बदमाशों ने एक दंपती को गोली मार दी, जिसमें महिला की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार रात कजरी गांव में हुई। अधिकारियों ने बताया कि दंपति के घर में अचानक बदमाश घुस गए और गोलीबारी कर दी, जिससे बबीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। महिला के पति राम सिंह को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

पुरानी रंजिश के चलते हत्या !

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच के अनुसार मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन हमले के पीछे का इरादा विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।’’ उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने एक हमलावर को पकड़ लिया जो बिहार के गया जिले का रहने वाला है। अधिकारी ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

रामनवमी को लेकर कड़ी सुरक्षा 

बता दें कि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब रामनवमी को लेकर पूरे झारखंड में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रांची, जमशेदपुर, गिरिडीह और हजारीबाग जैसे ‘‘संवेदनशील’’ जिलों में पुलिस को तैनात किया गया है। अधिकारी ने बताया कि महत्वपूर्ण स्थानों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन की तैनाती के साथ वीडियो कैमरे से लैस सुरक्षा कर्मियों को तैनात गया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की थी और अधिकारियों को त्योहार के दौरान ‘‘अफवाह फैलाने’’ की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। सोरेन ने कहा, “विशेष ध्यान चिह्नित किए गए संवेदनशील क्षेत्रों पर होना चाहिए हाल के वर्षों में रामनवमी के दौरान बाइक रैलियां आयोजित करने की एक नयी परंपरा उभरी है। किसी भी परिस्थिति में बाइक रैलियों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। 

केवल रांची में  200 मजिस्ट्रेट और 2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। 650 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, इसके अलावा 10 ड्रोन कैमरे भी लगाए गए हैं, जो पिछले तीन दिनों से लोगों की आवाजाही पर नजर रख रहे हैं। यातायात प्रबंधन उपाय, प्रमुख सड़कों पर पर्याप्त रोशनी, पेयजल सुविधाएं और चिकित्सा शिविर सहित अन्य व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।