1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. पलामू: IPL में 49 रुपये लगाकर 3 करोड़ जीता रवि, माता-पिता बोले- 'अब जमीन खरीदेंगे और बिजनेस करेंगे'

पलामू: IPL में 49 रुपये लगाकर 3 करोड़ जीता रवि, माता-पिता बोले- 'अब जमीन खरीदेंगे और बिजनेस करेंगे'

रवि ने बताया कि वह 2018 से टीम बना रहा है और अब तक 5 लाख रुपये से ज्यादा हार चुका है। राजस्थान और गुजरात के मैच में भी उसने टीम बनाकर 49 रुपये लगाए थे। उसकी किस्मत अच्छी रही और वह तीन करोड़ रुपये जीत गया।

Ravi Mehta- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV 3 करोड़ जीतने वाला रवि मेहता

झारखंड के पलामू में रवि नाम के एक युवक ने आईपीएल मैच के दौरान फैंटेसी स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म 'ड्रीम 11' पर तीन करोड़ रुपये जीते हैं। बुधवार (9 अप्रैल) को राजस्थान और गुजरात टाइटंस के मैच में रवि ने टीम बनाई थी और 49 रुपये लगाए थे। रवि की किस्मत काम कर गई और वह तीन करोड़ रुपये जीतने में सफल रहा। रवि ने जीती हुई रकम में से एक करोड़ रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए हैं और बाकी के पैसे 24 घंटे बाद निकाल पाएगा।

मेदिनीनगर के कौड़िया में तेलियाबांध का रहने वाला रवि मेहता सामान्य परिवार से है। उसके पिता गांव में ही किराने की दुकान चलाते हैं। रवि मेहता 8 साल से ड्रीम 11 में टीम बनाकर अपनी किस्मत आजमा रहा था और बुधवार को उसकी किस्मत चमक गई। गुजरात और राजस्थान रॉयल्स के मैच में टीम बनाकर उसने तीन करोड़ रुपये जीत लिए। रवि की इस बड़ी जीत की खबर सामने आते ही उसके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद युवक का परिवार बेहद खुश है।

5 लाख से ज्यादा रुपये हारने के बाद जीता

रवि कुमार ने बताया कि वह 2018 से ड्रीम 11 में टीम बना रहा था। अब तक वह इसमें 5 लाख रुपये से ज्यादा रकम गंवा चुका था, लेकिन कल गुजरात और राजस्थान रॉयल्स मैच में टीम बनाई और 3 करोडों रुपए जीत गया। जीतने के बाद एक करोड़ रुपये ड्रीम 11 से अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया है और बाकी पैसे 24 घंटे के बाद खाते में आएंगे।

माता-पिता बोले- जमीन खरीदेंगे, बिजनेस करेंगे

रवि के माता-पिता ने कहा "रवि को किराने की दुकान का सामान लाने के लिए पैसा देते थे ,लेकिन हर रोज ड्रीम 11 में टीम लगाकर कुछ पैसा हार जाता था। कई बार हम लोग रवि को मना भी करते थे, लेकिन रवि नहीं माना। वह दुकान में बैठकर टीम बनाता रहा और आज मेरा बेटा 3 करोड़ रुपए जीता है। हम लोगों को अपने बेटे पर गर्व हो रहा है।" रवि के माता-पिता ने कहा कि इस पैसे से वह कुछ जमीन खरीदेंगे और बाकी पैसा बिजनेस में लगाएंगे।

(पलामू से अमित कुमार की रिपोर्ट)

(यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। फैंटेसी स्पोर्ट्स में किसी भी प्रकार का निवेश या वित्तीय जोखिम अपने विवेक के आधार पर ले। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।)