A
Hindi News झारखण्ड स्कूल में 5 मिनट देरी से पहुंची 4 छात्राएं, टीचर ने दी ऐसी सजा, करने लगीं उल्टियां और हो गईं बेहोश, जानिए मामला

स्कूल में 5 मिनट देरी से पहुंची 4 छात्राएं, टीचर ने दी ऐसी सजा, करने लगीं उल्टियां और हो गईं बेहोश, जानिए मामला

छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। जिलाधिकारी ने स्कूल के टीचर के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही कार्रवाई की भी बात कही है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi Image Source : SORA AI सांकेतिक तस्वीर

झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में सोमवार को स्कूल में देरी से पहुंचने पर 4 छात्राओं को कड़ी सजा दी गई। स्कूल के टीचर ने चारों छात्राओं से 200 उठक-बैठक कराए। इसके बाद चारों छात्राएं उल्टियां करने लगीं और बेहोश हो गईं। ये देख स्कूल में हड़कंप मच गया। 

सभी 12वीं की थी छात्राएं

परिजनों ने बताया कि बेहोश होने के बाद चारों छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा कि पटमदा प्रखंड के बागुंडा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की 12वीं कक्षा की छात्राएं थीं। छात्राओं का वर्तमान में जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है। 

उठक-बैठक के बाद होने लगीं उल्टियां

पीड़ित छात्राओं के परिवारों ने आरोप लगाया कि उन्हें उठक-बैठक करने के लिए मजबूर किया गया, क्योंकि वे स्कूल में पांच मिनट देरी से पहुंची थीं। उठक-बैठक के बाद लड़कियों को उल्टियां होने लगीं और वे बेहोश हो गईं। 

जिला अधिकारी ने दिए जांच के आदेश

इसके बाद उन्हें माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि वह इस घटना की जांच करेंगे और यदि दोषी पाए गए तो सजा का आदेश देने वाले शिक्षक के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। (भाषा के इनपुट के साथ)