LIVE: तिनके की तरह बिखरे बैरिकेड्स! रांची में विधानसभा के पास पहुंचे छात्रों पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन का इस्तेमाल
रांची में छात्रों के विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज की। बैरिकेडिंग तोड़कर छात्र विधानसभा के करीब पहुंच चुके हैं। पुलिस ने छात्रों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

रांची: झारखंड में आज JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन का बड़ा दिन है। विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अन्य मांगों को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं। इसी क्रम में झारखंड विधानसभा का घेराव करने के लिए छात्रों का मार्च जारी है। छात्रों ने विधानसभा के रास्ते में बनाए गए सभी बैरिकेड्स तोड़ दिए। वे लगातार आगे बढ़ते जा रहे हैं। विधानसभा के करीब पहुंच चुके इन छात्रों को रोकने का प्रशासन का प्रयास विफल साबित हो रहा है। पुलिस ने छात्रों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। वहीं छात्रों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज भी करना पड़ा।
छात्रों के विधानसभा मार्च को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। विधानसभा जाने वाले रास्तों पर कई लेयर की बैरिकेडिंग की गई थी और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कंटीले तार भी लगाए गए लेकिन छात्रों के हौसले के आगे सब धाराशायी हो गए। विधानसभा के आसपास भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। वहीं, इलाके में BNS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा भी लागू है।
दरअसल, छात्रों और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच तीन दौर की बातचीत हो चुकी है। कल भी दोनों पक्षों के बीच पांच घंटे से ज्यादा समय तक बातचीत चली। सरकार की ओर से छात्रों की कई मांगों पर सहमति जताकर आंदोलन खत्म कराने की कोशिश की गई, लेकिन CBI जांच समेत कुछ अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद छात्रों ने आज विधानसभा मार्च का फैसला किया।
छात्रों का दावा है कि उन्हें रांची पहुंचने से रोकने की कोशिश की जा रही है। वहीं छात्र संगठन की ओर से सभी छात्रों से यह अपील की गई है कि वे पुलिस से झड़प नहीं करें और उपद्रवी तत्वों का साथ नहीं दें। शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा मार्च की अपील की गई ।
Live updates : Ranchi students assembly march
-
August 10, 2026 2:50 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
'पुष्पा स्टाइल' में प्रोटेस्ट
फिल्म कैरेक्टर 'पुष्पा' बनकर 'विधानसभा मार्च में शामिल हुए एक शख्स ने कहा, "मैं 'पुष्पा स्टाइल' में प्रोटेस्ट करने आया हूं। लोगों ने मुझे बताया कि बड़े एक्टर और इन्फ्लुएंसर उस प्रोटेस्ट को सपोर्ट करने जंतर-मंतर पहुंचे थे। ये लोग भी स्टूडेंट्स हैं, हमें भेदभाव नहीं करना चाहिए। यह मामला नेशनल मीडिया तक पहुंचना चाहिए और इन स्टूडेंट्स को इंसाफ मिलना चाहिए। सरकार को भी इन स्टूडेंट्स की मांगें मान लेनी चाहिए। झारखंड के स्टूडेंट्स झुकेंगे नहीं, रुकेंगे नहीं, जब तक न्याय मिलेगा नहीं।"
-
August 10, 2026 2:33 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
JPSC के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांगते गिरफ्तार
छात्रों के विधानसभा मार्च के बीच बड़ी खबर है कि JPSC के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांगते को गिरफ्तार कर लिया गया है। परीक्षाओं में धांधली के आरोपों के बाद इस्तीफा दिया था। 4 बार CID ने पूछताछ की थी।
-
August 10, 2026 2:29 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
हल्का लाठीचार्ज किया गया: रांची एसपी (ग्रामीण)
रांची के SP (ग्रामीण) ने कहा, "छात्रों के मार्च के दौरान जब उनमें से कुछ लोगों ने आखिरी बैरिकेडिंग तक पहुंचने की कोशिश की, जहां पहले से ही धारा 163 लागू है, तो हल्का लाठीचार्ज किया गया। लाठी का बहुत कम इस्तेमाल किया गया। हम लगातार छात्रों से बात कर रहे हैं। वे अभी शांत हैं और हम उनसे लगातार बातचीत कर रहे हैं। छात्र कुछ समय के लिए यहीं रुकने पर सहमत हो गए हैं।"
-
August 10, 2026 1:35 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
छात्रों पर लाठीचार्ज
विधानसभा के पास पहुंचे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। छात्रों की ओर से भी पानी की बोतलें और जूते चप्पल फेंके जा रहे हैं। छात्र विधानसभा के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। इससे पहले भी 5 मिनट के लिए उस वक्त माहौल बिगड़ गया था जब छात्रों ने विधानसभा के बाहर के बेरिकेड हटाकर गिराने शुरू कर दिए थे। पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था।
-
August 10, 2026 12:52 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
बैरिकेडिंग पर चढ़कर डांस
'विधानसभा घेराव' मार्च निकाल रहे प्रदर्शनकारी छात्रों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, इस दौरान छात्र पुलिस बैरिकेडिंग पर चढ़कर डांस करने लगे।
-
August 10, 2026 12:31 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
आखिरी बैरिकेडिंग भी टूटी, छात्रों पर वाटर कैनन
रांची में छात्रों ने आखिरी बैरिकेडिंग भी तोड़ दी और विधानसभा से थोड़ी दूर पर हैं। इस बीच छात्रों पर पुलिस वाटर कैनन का इस्तेमाल कर रही है। छात्रों पर वाटर कैनन का भी कोई असर नहीं हो रहा है। वे आगे बढ़ने के लिए बेताब हैं।
-
August 10, 2026 12:07 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
छात्रों के धैर्य की परीक्षा न ले सरकार-महतो
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि सरकार छात्रों के धैर्य की परीक्षा न ले। उन्होंने कहा कि कंटीले बैरिकेड्स देखकर दुख हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार हमें रोक नहीं पाएगी। झारखंड में नौकरियों को बेचा जा रहा है।
-
August 10, 2026 11:56 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
भूख हड़ताल के बावजूद खुद को नहीं रोक पाया-देवेंद्र नाथ महतो
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि भूख हड़ताल के बावजूद मैं खुद को नहीं रोक पाया। उन्होंने कहा कि तीन लेयर की बैरिकेडिंग टूट चुकी है। कंटीले बैरिकेडिंग हमारे इरादे नहीं रोक पाएंगे।
-
August 10, 2026 11:26 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
ऐंबुलेंस से विधानसभा मार्च के लिए पहुंचे देंवेंद्र नाथ महतो
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ऐंबुलेंस में सवार होकर विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे। वे छात्रों के जत्थे के साथ आगे बढ़ रहे हैं। महतो ने छात्रों के नाम एक वीडियो भी जारी किया था जिसमें शांतिपूर्ण मार्च की अपील की थी।
-
August 10, 2026 11:16 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़े छात्र
रांची में विधानसभा मार्च के दौरान छात्रों ने तीसरी बैरिकेडिंग तोड़ दी है। बैरिकेडिंग तोड़कर छात्र लगातार विधानसभा की ओर आगे बढ़ रहे हैं। छात्रों का कहना है कि राज्य सरकार ने छात्रों को ठगने का काम किया है। सरकार को छात्रों की बात माननी होगी। छात्रों का कहना है कि वे बैरिकेडिंग से रुकनेवाले नहीं हैं।
-
August 10, 2026 11:13 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
JSSC-CGL एग्जाम में सबसे ज्यादा गड़बड़ियां-जयराम महतो
रांची में छात्रों के प्रदर्शन के बीच, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के MLA जयराम कुमार महतो ने कहा, "यह सरकार की नाकामी है। उन्हें (एग्जाम कैंसिल करने की) मांग मान लेनी चाहिए थी। सरकार ने सच में कई मांगें मान ली हैं, मैं इसके लिए उनका शुक्रिया अदा करता हूं। लेकिन सबसे ज़रूरी मांग JSSC-CGL एग्जाम (कैंसिल करने) को लेकर है। सबसे ज़्यादा गड़बड़ियां यहीं हुईं। अभय तिवारी ने माना है कि उन्होंने करीब 400 कैंडिडेट्स को सिलेक्ट करवाया।"
-
August 10, 2026 10:55 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
सीएम आवास के बाहर बीजेपी नेताओं का प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लिया
रांची में CM आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे BJP नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वे JPSC-JSSC में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
-
August 10, 2026 10:54 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
भूख हड़ताल कर रहे छात्रों की स्वास्थ्य जांच
झारखंड में JPSC-JSSC उम्मीदवारों का विरोध-प्रदर्शन जारी, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में भूख हड़ताल कर रहे JPSC-JSSC उम्मीदवारों के स्वास्थ्य की जांच करने के लिए डॉक्टरों की एक टीम पहुंची।
-
August 10, 2026 10:50 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
पहली बैरिकेडिंग से निकलकर दूसरी बैरिकेडिंग के पास पहुंचे छात्र
विधानसभा मार्च कर रहा छात्रों का जत्था पहली बैरिकेडिंग को क्रॉस कर अब दूसरी बैरिकेडिंग के पास पहुंच गया है। दूसरी बैरिकेडिंग के पास छात्रों को रोका गया है। छात्र भर्ती परीक्षाओं में धांधली रोकने की मांग कर रहे हैं। छात्रों की मांग है कि सीजीएल को रद्द किया जाए और सीबीआई जांच कराई जाए।
-
August 10, 2026 10:40 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
छात्रों को पहले बैरिकेडिंग के पास रोका गया
छात्र पुराने विधानसभा से आगे नई विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे लेकिन पहले बैरिकेडिंग पर उन्हें रोक दिया गया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर छात्र वहीं धरने पर बैठ गए और हेमंत सोरेन होश में आओ के नारे लगाने लगे। छात्रों के विरोध के बाद पहली बैरिकेडिंग को पुलिस ने खोल दी और छात्र नई विधानसभा की ओर मार्च करने लगे।
-
August 10, 2026 10:32 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
पांच घंटे तक छात्रों और सरकार के बीच वार्ता
कल छात्रों और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच पांच घंटे से ज्यादा तक बात हुई थी। सरकार ने छात्रों की कई अहम मांगों पर सहमति जताकर आंदोलन को खत्म को खत्म कराने की कोशिश की, लेकिन CBI जांच, समेत कई मुद्दे पर पेच फंस गया।
-
August 10, 2026 10:30 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
रांची में छात्रों का विधानसभा मार्च शुरू
झारखंड में छात्रों का विधानसभा मार्च शुरू हो चुका है। छात्रों का जत्था हाथों में तिरंगा लिए और नारे लगाते हुए विधानसभा की ओर बढ़ रहा है। इलाके में कई लेयर की बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।