A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. ट्रेन में पिस्टल दिखाकर यात्रियों को डरा रहे थे आकिब और रेहान, RPF ने किया अच्छा 'इलाज'

ट्रेन में पिस्टल दिखाकर यात्रियों को डरा रहे थे आकिब और रेहान, RPF ने किया अच्छा 'इलाज'

हावड़ा-हटिया क्रिया योग एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रियों को देसी पिस्टल दिखाकर धमकाने वाले दो युवकों को RPF ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं।

RPF arrest Jharkhand, train pistol threat, Howrah Hatia Kriya Yog Express- India TV Hindi
Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL ट्रेन में पिस्टल दिखाकर यात्रियों को डराने वाले दोनों आरोपियों को आरपीएफ ने पकड़कर GRP को सौंप दिया।

रांची: झारखंड में ट्रेन के अंदर यात्रियों को देसी पिस्टल दिखाकर डराने और धमकाने के आरोप में 2 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल यानी कि RPF के अधिकारियों ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को गुरुवार को हावड़ा-हटिया क्रिया योग एक्सप्रेस के जनरल कोच से पकड़ा गया। जांच में पता चला है कि दोनों युवक अवैध हथियार सप्लाई के नेटवर्क से जुड़े हुए हैं।

अवैध हथियारों की खेप लेने गए थे दोनों आरोपी

RPF के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी टाटानगर के आमबागान इलाके में अवैध हथियारों की खेप लेने गए थे, जिसे उन्हें रांची में पहुंचाना था। हालांकि देर होने की वजह से उन्हें हथियारों की खेप नहीं मिल सकी और इसके बाद दोनों ट्रेन के जनरल डिब्बे में सवार हो गए। इसी दौरान ट्रेन में सफर कर रही एक महिला यात्री ने पास के डिब्बे में मौजूद RPF के जवानों को सूचना दी कि 2 युवकों में से एक देसी पिस्टल लहराकर यात्रियों को धमका रहा है, जबकि दूसरा अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा है।

RPF ने दोनों आरोपियों को GRP के हवाले किया

सूचना मिलते ही RPF की टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। ट्रेन के रांची स्टेशन पहुंचने के बाद दोनों को सरकारी रेलवे पुलिस यानी कि GRP के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 साल के आकिब खान और 20 साल के रेहान खान के रूप में हुई है। दोनों रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित सरताज कॉलोनी के रहने वाले हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अकीब खान के खिलाफ पहले से 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं।