A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड के खूंटी में रामनवमी जुलूस के बाद बवाल, दो पक्षों में पथराव से बढ़ा तनाव, इलाके में धारा 163 लागू

झारखंड के खूंटी में रामनवमी जुलूस के बाद बवाल, दो पक्षों में पथराव से बढ़ा तनाव, इलाके में धारा 163 लागू

खूंटी जिले के मुरहू में दो पक्षों में पथराव के बाद इलाके में तनाव पैदा हो गया है। इसकी वजह से इलाके में भारी संख्या में पुलिस तैनात की गई है।

झारखंड के खूंटी में रामनवमी जुलूस के बाद बवाल - India TV Hindi
Image Source : REPORTER खूंटी में रामनवमी जुलूस के बाद बवाल

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में रामनवमी जुलूस के समापन के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी ने देखते ही देखते विवाद का रूप ले लिया, जिसके बाद इलाके में पथराव की घटनाएं सामने आई है। शुक्रवार को निकली रामनवमी शोभायात्रा के दौरान ही दोनों पक्षों के बीच विवाद की शुरुआत हुई थी। उस समय पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाल लिया था। हालांकि, शनिवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे झड़प की स्थिति बन गई और तनाव बढ़ गया।

मुरहू क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद एहतियातन मुरहू क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। गुस्साए स्थानीय लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और मुरहू महादेव मंडा के पास इकट्ठा होकर पथराव में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। खूंटी की एसडीपीओ दीपेश कुमारी ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 (पूर्व में धारा 144) लागू कर दी गई है। लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

यहां देखें वीडियो

पुलिस कर रही मामले की जांच

प्रशासन के मुताबिक, जुलूस के दौरान एक-दो लोगों पर पत्थर गिरने की घटना हुई थी, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पत्थर कहां से फेंका गया या कहीं से छिंटक कर आ गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पूरे इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।

धनबाद में पथराव, छह लोग घायल

इससे पहले धनबाद जिले के भिकराईपुर में राम नवमी शोभा यात्रा के दौरान शुक्रवार शाम हुई पथराव की घटना में करीब छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों की हालत स्थिर है और इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।  एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि शोभा यात्रा के दौरान दो समुदायों के किशोरों के बीच पथराव की मामूली घटना हुई। पुलिस ने हस्तक्षेप किया और स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई। फिलहाल इलाके में सब कुछ सामान्य है। 

रिपोर्ट- सोनू अंसारी, खूंटी