1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. सोनम वांगचुक से बातचीत के बाद देवेंद्र नाथ महतो ने पिया पानी, बोले- अनशन जारी रहेगा

सोनम वांगचुक से बातचीत के बाद देवेंद्र नाथ महतो ने पिया पानी, बोले- अनशन जारी रहेगा

स्टूडेंट एक्टिविस्ट देवेंद्र महतो ने सोनम वांगचुक से बातचीत की है। वांगचुक की अपील के बाद उन्होंने पानी पिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उनका अनशन छात्र हित में जारी रहेगा।

देवेंद्र नाथ महतो ने पिया पानी- India TV Hindi
Image Source : X@DEVENDRANATHMA9 देवेंद्र नाथ महतो ने पिया पानी

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में छात्रों की मांग को लेकर अनशन पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने बातचीत की। महतो JPSC, JSSC CGL और कई अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। 

सोनम वांगचुक और देवेंद्र नाथ महतो से क्या बातचीत हुई?

जानकारी के मुताबिक, सोनम वांगचुक से देवेंद्र नाथ महतो का लगभग आधे घंटे तक वीडियो कॉल के माध्यम से सीधा संवाद हुआ। बातचीत के दौरान सोनम वांगचुक ने आंदोलन व स्वास्थ्य की पूरी जानकारी ली। उन्होंने आंदोलन को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हुए हौसला बढ़ाया। संवाद के दौरान सोनम वांगचुक के आग्रह पर देवेंद्र नाथ महतो ने जल ग्रहण किया। साथ ही देवेंद्र नाथ महतो ने सोनम वांगचुक से रांची आकर आंदोलनरत छात्रों का मनोबल बढ़ाने का आग्रह भी किया।

छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि हम 25 जुलाई से सत्याग्रह कर रहे हैं। मैं 2 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठा हूं। यहां 26 सालों से पेपर लीक हो रहे हैं। कल डॉक्टर ने चेतावनी दी थी कि अगर मैंने पानी नहीं पिया, तो मुझे अस्पताल में भर्ती होना पड़ेगा। इस पर सोनम वांगचुक ने कहा कि कृपया थोड़ा पानी पी लीजिए। यह आत्महत्या जैसा है। आपको कुछ समय चाहिए, लेकिन इसमें 2-3 हफ़्ते भी लग सकते हैं और मुझे उम्मीद है कि सरकार बात समझेगी और सही फ़ैसला लेगी। 

महतो बोले- जारी रहेगा अनशन

देवेंद्र नाथ महतो ने अपने सोशल मीडिया हैंडल कहा कि सोनम वांगचुक सर से आज वीडियो कॉल के ज़रिए सीधे बातचीत करने का मौका मिला। उन्होंने हमारे आंदोलन के लिए अपना बहुमूल्य मार्गदर्शन, प्रेरणादायक विचार और प्रोत्साहन दिया। उनके कहने पर हमने जल ग्रहण किया। साथ ही हमने उनसे विनम्रतापूर्वक आग्रह किया कि वे रांची आएं और विरोध कर रहे छात्रों का मनोबल बढ़ाएं। हमारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और सत्याग्रह आंदोलन हमारे दृढ़ संकल्प के साथ लगातार जारी है। 

मीडिया से बातचीत में देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि जब तक जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती प्रक्रियाओं में हुई कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच तथा अभ्यर्थियों की मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल एवं सत्याग्रह आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

छात्र विरोध प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं?

यह विवाद 19 अप्रैल को हुई 14वीं कंबाइंड सिविल सर्विसेज़ प्रीलिमिनरी परीक्षा के बाद शुरू हुआ। JPSC ने 21 अप्रैल को मॉडल आंसर की जारी की और 2 जुलाई को प्रीलिमिनरी परीक्षा के नतीजे घोषित करने से पहले उम्मीदवारों से आपत्तियां मांगीं।नतीजे घोषित होने के तुरंत बाद, सोशल मीडिया पर गड़बड़ी के आरोप सामने आए। विरोध कर रहे उम्मीदवारों का दावा था कि कुछ सफल उम्मीदवारों की कथित OMR शीट से पता चला कि उन्होंने बहुत कम सवालों के जवाब दिए थे, फिर भी उन्हें क्वालिफाइड घोषित कर दिया गया।

सबसे ज़्यादा चर्चा में रहे दावों में से एक यह था कि एक उम्मीदवार ने 100 में से सिर्फ़ 48 सवालों के जवाब दिए थे, लेकिन उसे परीक्षा के अगले चरण के लिए चुन लिया गया। इन आरोपों से उम्मीदवारों में भारी गुस्सा फैल गया और उन्होंने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए। जैसे-जैसे विवाद बढ़ा, JPSC की मुख्य परीक्षा, जो मूल रूप से 25 जुलाई से 27 जुलाई के बीच होनी थी, उसे टाल दिया गया।

ये भी पढ़ेंः 'मैं सीना चीर कर नहीं दिखा सकता, सरकार संवेदनशील है...', छात्रों के आंदोलन पर CM हेमंत सोरेन का बयान

 JPSC परीक्षा अनियमितता मामले में CID ने 18 ठिकानों पर की छापेमारी, CJP ने किया छात्रों के समर्थन का ऐलान

रिपोर्ट- मुकेश सिन्हा