1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. देश के इस राज्य में रविवार को आएगा तूफान! तेज हवाओं के साथ हो सकती है बारिश

देश के इस राज्य में रविवार को आएगा तूफान! तेज हवाओं के साथ हो सकती है बारिश

झारखंड में रविवार को तूफान और तेज हवाओं की संभावना है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में बारिश हो सकती है और तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट आने की उम्मीद है।

IMD alert, Jharkhand, storm, rain, strong winds, orange alert- India TV Hindi
Image Source : PTI FILE झारखंड में रविवार को तूफान आने की संभावना है।

रांची: झारखंड में रविवार को तेज हवाओं के साथ तूफान आने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के ज्यादातर हिस्सों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ (orange alert) जारी किया है। मौसम बुलेटिन के मुताबिक, 18 मई को दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पूर्वी झारखंड के करीब 20 जिलों में आंधी और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बता दें कि अभी झारखंड में भयंकर गर्मी पड़ रही है और कई जगहों पर पारा 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर-नीचे हो रहा है। सूबे में सबसे ज्यादा तापमान डाल्टनगंज में दर्ज किया गया है।

‘हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना’

मौसम के बारे में जानकारी देते हुए रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने शनिवार को बताया, 'शनिवार से मौसम में बदलाव शुरू होगा। बंगाल की खाड़ी से नमी आने की वजह से हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।' उन्होंने कहा कि 21 मई तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव से अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। तापमान में इस बड़ी गिरावट से लोगों को अच्छी-खासी राहत मिलने की संभावना है।

तूफान के दौरान सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह

बता दें कि अभी झारखंड में गर्मी का प्रकोप है और तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है। शुक्रवार को डालटनगंज में सबसे ज्यादा 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। गोड्डा में 41.7, गढ़वा में 41.5 और सरायकेला में 40.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राजधानी रांची में भी तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा, यानी 39.2 डिग्री सेल्सियस, दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और तूफान के दौरान सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह दी है। यह बदलाव गर्मी से थोड़ी राहत दे सकता है, लेकिन तेज हवाओं और बारिश के कारण सावधानी बरतना जरूरी है। (भाषा)