1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. तालाब में डूबने से दो जूनियर डॉक्टरों की मौत के मामले में नया मोड़, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

तालाब में डूबने से दो जूनियर डॉक्टरों की मौत के मामले में नया मोड़, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

जमशेदपुर की डिमना झील में घूमने गए तीन जूनियर डॉक्टर में से दो का शव बरामद किया गया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने मामले की शिकायत थाने में दी है।

यहीं से शव बरामद किया गया- India TV Hindi
Image Source : REPORTER यहीं से शव बरामद किया गया

जमशेदपुर: डिमना डैम के समीप स्थित प्रतिबंधित (डेंजर जोन) तालाब से एमजीएम अस्पताल के दो जूनियर डॉक्टरों का शव बरामद हुआ है। जानकारी के मुताबिक दोनों की मौत तालाब में डूबने से हुई है। हालांकि मृतक डॉक्टर सक्षम सिंह और समीर लाल के परिजनों ने इस घटना को केवल दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बोड़ाम थाना में लिखित शिकायत सौंपकर हत्या का मामला दर्ज करने और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से जांच कराने की मांग की है।

परिजनों ने जताई साजिश की आशंका, थाने में दी शिकायत

शनिवार को सक्षम सिंह के पिता सत्येंद्र कुमार सिंह और समीर लाल के पिता अजय लाल बोड़ाम थाना पहुंचे और पुलिस को आवेदन सौंपा। परिजनों का आरोप है कि घटना के समय मौजूद जूनियर डॉक्टर डॉ. यश के बयान बार-बार बदल रहे हैं, जिससे पूरे मामले पर संदेह गहरा गया है। उनका कहना है कि शुरुआत में डॉ. यश ने बताया था कि सक्षम सिंह का मोबाइल तालाब में गिर गया था, जिसे निकालने के प्रयास में दोनों डॉक्टर पानी में उतरे थे। लेकिन जब शव बरामद हुए, तब सक्षम सिंह का मोबाइल उनकी जेब से मिला, जिससे पहले दिए गए बयान पर सवाल उठ रहे हैं।

परिजनों ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि डॉ. यश और दोनों मृतक डॉक्टरों के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी आधार पर उन्होंने घटना के पीछे किसी साजिश या आपराधिक पहलू की आशंका जताते हुए पुलिस से सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने की मांग की है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

बता दें कि शुक्रवार तड़के डिमना डैम के पास स्थित तालाब में सक्षम सिंह और समीर लाल की डूबने से मौत हो गई थी। घटना के समय दोनों डॉ. यश के साथ वहां मौजूद थे। टाटा स्टील के गोताखोरों ने करीब छह घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों के शव तालाब से बाहर निकाला था।

इधर, परिजनों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच का दायरा बढ़ा दिया है। डॉ. यश से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और पुलिस सभी तथ्यों व परिस्थितियों की जांच कर रही है। हालांकि, मामले में अब तक किसी निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्ट- गंगाधर पांडे

ये भी पढ़ेंः सब्जी बेचकर लौट रहे पिता-पुत्र पर गिरी आकाशीय बिजली, घर से 200 मीटर दूर हुई दर्दनाक मौत