बोकारो के एनएच-23 फोरलेन के किनारे मिले शव की पहचान कर पुलिस ने 72 घंटे के अंदर हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हत्याकांड का मास्टरमाइंड मृतक का भाई ही निकला, जो साली से एकतरफा प्यार करता था। साली के एकतरफा प्यार में भाई ने अपने सहोदर भाई को ही मरवा दिया। घटना 4 मई 2025 की है। मृतक की पहचान धनंजय गुप्ता जो हरला थाना सेक्टर 9 के शिव शक्ति कॉलोनी के रूप में हुई थी।
जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
जानकारी के अनुसार, बोकारो के एनएच-23 फोरलेन के किनारे एक शो रूम के पास चाकू से गोदा हुआ एक व्यक्ति का शव पुलिस को मिला था। इसकी पहचान हरला थाना क्षेत्र के रहने वाले ई-रिक्शा चालक के रूप में हुई थी। पुलिस ने स्वान दस्तों के साथ जांच शुरू किया और जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी तो चौकाने वाला मामला सामने आया।
जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे साली से एकतरफा प्रेम और पारिवारिक विवाद था। आरोपी अजय गुप्ता ने अपने भाई धनंजय से बदला लेने के लिए करण राय को सुपारी दी थी। अजय गुप्ता अपनी पत्नी लक्ष्मी कुमारी की छोटी बहन काजल कुमारी से प्रेम करता था। लेकिन काजल का प्रेम संबंध मृतक धनंजय गुप्ता से था और दोनों ने एक साल पहले शादी कर ली थी। इसके बावजूद अजय उससे एकतरफा प्यार करता था। इस मामले को लेकर दोनो भाइयों में लड़ाई भी हुआ था।
एक लाख 40 हजार में दी सुपारी
इसी विवाद के चलते बड़े भाई अजय ने अपने छोटे भाई धनंजय की हत्या की साजिश रची और करण राय को एक लाख 40 हजार रुपये में सुपारी दे दिया। आरोपी करण राय ने धनंजय की हत्या की सुपारी लेकर धनंजय को घुमाने के बहाने बुलाया और एक शो रूम के पास ले जाकर धारदार चाकू से उसकी हत्या कर दी। घटना में शामिल दो अपराधकर्मियों जो 19 वर्षीय रोहित और 19 वर्षीय अभिषेक कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हत्या में प्रयुक्त चीजें बरामद
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त समान भी बरामद कर लिए। हत्या में प्रयुक्त मैरून रंग की स्कूटी (नं.- JH09AZ-5209), खून से सना चाकू, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और खून लगे कपड़े बरामद किए गए। पुलिस की सफलता में बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने डॉग स्क्वाड, तकनीकी शाखा और एफएसएल की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का पर्दाफाश किया। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। बोकारो पुलिस की तत्परता और कुशलता से एक जघन्य हत्या कांड का पर्दाफाश हुआ।
रिपोर्ट- मृत्युंजय मिश्रा, बोकारो