A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. महिला ने दरांती और लाठी से की पति की हत्या, 10 दिन तक घर में दफना कर रखा शव; गिरफ्तार

महिला ने दरांती और लाठी से की पति की हत्या, 10 दिन तक घर में दफना कर रखा शव; गिरफ्तार

धनबाद में एक महिला ने अपने पति की हत्या कर दी। इसके बाद उसने पति की लाश को घर के ही एक कमरे में दफना दिया। फिलहाल पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

पति की हत्या के बाद घर में दफनाया शव।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE पति की हत्या के बाद घर में दफनाया शव।

धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में एक महिला ने अपने ही पति की हत्या कर दी है। इसके बाद महिला ने पति के शव को अपने ही घर में दफना दिया। करीब 10 दिन तक शव को उसने घर में दफनाए रहा। दरअसल, पूरा मामला टुंडी थाना क्षेत्र के तिलैयातन गांव का है। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति का शव शनिवार को निकाला जाएगा और पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा जाएगा। 

घर में ही दफना दिया शव

टुंडी थाना प्रभारी उमा शंकर ने बताया कि सुरजी मझियान (42) ने अपने पति सुरेश हांसदा (45) की हत्या कर दी। इसके बाद महिला ने शव को गांव में मिट्टी से बने घर के एक कमरे में गड्ढा खोदकर दफना दिया। उन्होंने कहा, ‘‘मामला तब सामने आया जब सुरेश हांसदा के रिश्तेदारों को संदेह हुआ। सुरेश हांसदा एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुआ और पड़ोसियों को उसके घर से दुर्गंध आ रही थी। इसके बाद ही रिश्तेदारों ने शुक्रवार शाम पुलिस को सूचना दी।" 

झगड़ों से परेशान होकर की हत्या

पुलिस अधिकारी ने बताया, "पूछताछ के दौरान पत्नी अपने पति की अनुपस्थिति के बारे में अलग-अलग बातें कह रही थी, लेकिन सख्ती से पूछताछ पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। हमने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘महिला ने दावा किया कि वह अपने पति के साथ अक्सर होने वाले झगड़ों से तंग आ चुकी थी। उसका पति लगभग हर दिन शराब पीकर आता था और उसके कई महिलाओं के साथ संबंध थे। उसने यह भी दावा किया है कि उसने अपने पति की लाठी और दरांती से हत्या कर दी है। हम हथियार बरामद करने की कोशिश कर रहे हैं।’’ 

शव को बाहर निकालेगी पुलिस

पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्होंने शव को बाहर निकालने के लिए एक मजिस्ट्रेट की तैनाती के लिए जिला प्रशासन को एक अनुरोध पत्र भेजा है। उन्होंने कहा, ‘‘जिला प्रशासन द्वारा मजिस्ट्रेट की तैनाती के बाद ही हम शनिवार को शव बाहर निकालेंगे और शव को धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजेंगे।’’ पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जब महिला ने अपने पति की अनुपस्थिति के बारे में अलग-अलग बयान देना शुरू किया, तो पड़ोसियों को भी संदेह हुआ। (इनपुट- पीटीआई)